तेलीपाड़ा में पथराव के बाद शांति, पुलिस का पहरा जारी; CCTV से की जा रही उपद्रवियों की पहचान

आगरा, 13 नवम्बर। थाना ताजगंज क्षेत्र के मोहल्ला तेलीपाड़ा में स्कूटी का हैंडल लगने को लेकर हुए पथराव और मारपीट के एक दिन बाद शुक्रवार को इलाके में शांति बनी रही। एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। दोनों पक्षों में दोबारा टकराव न हो, इसके लिए पुलिस की नजर बनी हुई है।
गुरुवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर आठ नामजद समेत 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। फॉलोअप जांच में पुलिस अब घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो खंगाल रही है, ताकि पथराव में शामिल अन्य लोगों की पहचान हो सके।
इलाके में तनाव नहीं, दुकानें खुलीं
शुक्रवार सुबह से तेलीपाड़ा और आसपास के इलाके में जनजीवन सामान्य रहा। दुकानें खुलीं और लोगों की आवाजाही भी सामान्य रही। हालांकि घटना को लेकर लोगों में चर्चा जरूर रही। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया था। अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो नुकसान और बढ़ सकता था।
उपद्रव करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच जारी है। नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है और पथराव में शामिल अज्ञात लोगों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इलाके में शांति भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों पक्षों के लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
क्या था मामला?
बता दें कि गुरुवार को तेलीपाड़ा में अनमोल की भाभी के हाथ में स्कूटी का हैंडल लगने को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को फोन कर बुला लिया, जिसके बाद जमकर मारपीट और पथराव हुआ था। सूचना पर पहुंची पीआरवी और ताजगंज पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़कर स्थिति नियंत्रित की थी। इस मामले में प्रथम पक्ष से अनमोल, शिवम और चोब सिंह निवासी बसई कलां और दूसरे पक्ष से फैजान, बंटी, हुसैन, चांद और नसरु निवासी तेलीपाड़ा नामजद हैं। घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
_________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments