सोने में मिलावट का नया डर: क्या आपका हॉलमार्क वाला गहना भी सुरक्षित नहीं?

नई दिल्ली, 24 नवम्बर। शादियों का मौसम है और बाजारों में सोने की खरीदारी जोरों पर है। इसी बीच सोने की शुद्धता को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है। मीडिया में आई ड्राफ्ट कैग रिपोर्ट के हवाले से कहा गया है कि हॉलमार्किंग की निगरानी में बड़ी कमी रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक 2020-21 से 2024-25 के बीच ब्यूरो ऑफ स्टैंडर्ड्स (BIS) ने 83 प्रतिशत से ज्यादा पंजीकृत ज्वेलर्स का निर्धारित सालाना निरीक्षण ही नहीं किया।
इसका मतलब यह नहीं है कि बाजार में बिक रहा हर गहना मिलावटी है, लेकिन सवाल यह है कि हॉलमार्क लगने के बाद नियमों के पालन पर कितनी नजर रखी जा रही है।
रेनियम क्या है और क्यों हो रही है चर्चा?
इसी बीच सोने में रेनियम जैसी भारी धातु मिलाने की चर्चा भी तेज है। एक पड़ताल में दावा किया गया कि सोने में रेनियम का पाउडर मिलाने पर भी गहना शुद्धता की जांच में पास हो गया। हालांकि इस दावे को अधिकारियों ने स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया है।
रेनियम बहुत भारी धातु है, जिसकी चमक चांदी जैसी होती है। यह 3,186 डिग्री सेल्सियस पर पिघलती है। एक ही आकार के टुकड़ों की तुलना करें तो रेनियम शुद्ध सोने से थोड़ा ज्यादा भारी होता है। इसका इस्तेमाल जेट इंजन के टर्बाइन ब्लेड बनाने में होता है। सोने की तुलना में यह काफी सस्ती बताई जाती है।
मशीन कैसे चूक सकती है?
ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज अरोड़ा के मुताबिक, सोना करीब 1,064 डिग्री पर पिघल जाता है, जबकि रेनियम को पिघलने के लिए 3,000 डिग्री से अधिक तापमान चाहिए। इसलिए रेनियम सोने में पूरी तरह नहीं घुलता और गहने में किसी एक जगह पर टिका रह सकता है। उनका कहना है, "मशीन पूरे गहने को स्कैन नहीं करती। वह केवल उसी जगह की जांच करती है, जहां उसे लगाया जाता है। अगर जांच वाली जगह पर पाउडर मौजूद नहीं है, तो गहना जांच में पास हो सकता है।"
वहीं ऑल बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंगला का कहना है कि इस तरह की मिलावट हॉलमार्किंग और एक्सआरएफ जांच में पकड़ी जा सकती है। सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों से बेवजह डर फैल रहा है।
क्या आपका गहना खतरे में है?
अभी इसका कोई प्रमाण नहीं है कि इस तरह की मिलावट बड़े पैमाने पर फैल चुकी है। जेम एंड ज्वेलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) ने कहा है कि घबराने की जरूरत नहीं है और BIS इस मामले को गंभीरता से देख रहा है।
खरीदते समय क्या करें?
1. BIS केयर ऐप से जांच करें: गहने पर लिखा छह अंकों वाला HUID कोड ऐप में डालकर सत्यापित करें। ज्वेलर का नाम, हॉलमार्किंग सेंटर, गहने का प्रकार और शुद्धता का मिलान करें।
2. पक्का GST बिल लें: बिल पर कैरेट, वजन और HUID साफ-साफ लिखा होना चाहिए।
3. भरोसेमंद ज्वेलर से खरीदें: पुश्तैनी या जाने-पहचाने ज्वेलर से खरीदारी करें।
4. शक हो तो दोबारा जांच कराएं: BIS से मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग सेंटर में शुल्क देकर जांच कराई जा सकती है।
5. अपना अधिकार जानें: अगर हॉलमार्क वाला गहना लिखी शुद्धता से कम निकलता है, तो ज्वेलर को शुद्धता में कमी की रकम का दोगुना और जांच का शुल्क खरीदार को लौटाना होगा।
इधर IBJA ने BIS को ज्ञापन देकर बिना बताए निरीक्षण करने और जांच सख्त करने की मांग की है। 
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments