थार सवार हमलावरों का कहर: स्कूटी सवार दो युवकों को पीटकर 65 हजार लूटे, ग्रामीणों ने लगाया जाम

आगरा, 24 नवम्बर। थाना कागारौल क्षेत्र के जैंगारा कस्बे में थार सवार हमलावरों ने स्कूटी सवार दो युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मुंह पर कपड़ा बांधे चार-पांच हमलावरों ने दोनों युवकों को बेरहमी से पीटा और 65 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद भी हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश फैल गया। मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने ट्रैक्टर खड़ा कर कागारौल-किरावली मार्ग पर जाम लगा दिया। विरोध में जैंगारा कस्बे का बाजार भी बंद रहा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बसेरी चाहर निवासी अमित चाहर की जैंगारा कस्बे के इंस्पेक्टर मार्केट में सृष्टि पावर सॉल्यूशन नाम से इनवर्टर की दुकान है। सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने दोस्त कर्मवीर चाहर के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि बसेरी चाहर मोड़ के पास पीछे से आई थार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। दोनों के सड़क पर गिरते ही थार से उतरे मुंह पर कपड़ा बांधे चार-पांच हमलावरों ने लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर 65 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। उनकी गाड़ी की नंबर प्लेट पर गोबर लगा होने के कारण नंबर स्पष्ट नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने लगाया जाम, बाजार रहा बंद
घटना के बाद हमलावरों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज ग्रामीण मंगलवार की सुबह सड़क पर उतर आए। ट्रैक्टर खड़ा कर कागारौल-किरावली मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीणों ने हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब 15 मिनट बाद समझाकर जाम खुलवा दिया।
उधर, घटना के विरोध में जैंगारा के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष अंकुर राठी ने बताया कि घायल को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। हमलावरों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था, इसलिए पीड़ित उन्हें पहचान नहीं सका। वाहन की नंबर प्लेट भी स्पष्ट नहीं दिखाई दी है। थार के रंग और अन्य विशेषताओं के आधार पर क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर पहचान के लिए दो टीमें लगाई गई हैं। प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सभी पहलुओं पर जांच जारी है। बाजार की स्थिति अब सामान्य है।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments