विवाहिता ने सुबह फोन पर कहा- "ससुरालीजन मेरी जान ले लेंगे!" मायके वाले पहुंचे तो शव मिला
आगरा, 06 नवम्बर। थाना एकता क्षेत्र के बरौली अहीर में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी।
खबरों के अनुसार, मृतका की पहचान पूनम (32 वर्ष) के रूप में हुई। वह बमरौली अहीर, मलपुरा निवासी किसान कप्तान सिंह की बेटी थी। पूनम स्नातक पास थी। उसकी शादी पिछली साल छह मार्च को बरौली अहीर निवासी जीतू कुमार के साथ हुई थी। भाई रामनरेश का आरोप है कि शादी के बाद से ही जेठ-जेठानी कार की मांग करते हुए पूनम का उत्पीड़न कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह 8:45 और 9:57 बजे पूनम ने छोटे भाई दुर्गेश को फोन कर बताया कि कार न मिलने पर ससुराल वाले उसकी जान ले लेंगे।
परिजन जब करीब एक घंटे बाद ससुराल पहुंचे तो वहां कोई नहीं मिला। अस्पताल में स्ट्रेचर पर पूनम का शव पड़ा मिला।
एडीसीपी सिटी मनोज कुमार ने बताया कि महिला का शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments