ताजमहल में पर्यटकों से मारपीट, बच्चे के बिछड़ने पर पहुंचे परिवार को सीआईएसएफ ने पीटा

आगरा, 22 नवम्बर। विश्व धरोहर ताजमहल की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने ही रविवार की शाम कुछ पर्यटकों को पीट दिया।
खबरों के अनुसार, दिल्ली से परिवार सहित घूमने आए पर्यटक का तीन साल का बच्चा बिछड़ गया था। मदद मांगने कंट्रोल रूम पहुंचे परिवार से विवाद के बाद जवानों ने पर्यटक की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने सीआईएसएफ से जवाब मांगा है।
घटना रविवार शाम करीब चार बजे की बताई गई है। अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत ताजमहल देखकर लौटी ही थीं कि पूर्वी गेट पर चीख-पुकार मच गई। पूर्वी गेट के अंदर दाईं तरफ बने सीआईएसएफ कंट्रोल रूम में जवान पर्यटकों को पीट रहे थे। बीच-बचाव का प्रयास करतीं परिवार की महिलाएं चीख रही थीं और रो रही थीं।
पीड़ित साजिद ने बताया कि वह परिवार के साथ दिल्ली से आए थे। पांच मिनट के लिए उनका तीन साल का बच्चा परिवार से अलग हो गया। सीआईएसएफ ने बच्चे को अपने पास रख लिया और आधार कार्ड दिखाने को कहा। साजिद ने कहा कि बच्चे का आधार कार्ड घर पर छूट गया है, मोबाइल पर सारे प्रूफ हैं। इस पर जवानों ने कहा कि चार दिन बाद बच्चा मिलेगा, थाने जाना होगा। आरोप है कि उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और कंट्रोल रूम ले जाकर पीटा गया।
मारपीट के दौरान जवान पर्यटकों को पीटते हुए बाहर तक ले आए। मीडियाकर्मियों ने वीडियो बनाना शुरू किया तो एक जवान कैप से चेहरा छिपाने लगा। किसी तरह बचकर भागे पर्यटक ताजगंज की गलियों में इधर-उधर भटकते रहे। पिटाई से पर्यटक की तबीयत भी खराब हो गई।
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments