जमीनी विवाद में पूर्व बॉडी बिल्डर की पत्थरों से कुचलकर हत्या, भाई-भतीजों पर आरोप
आगरा, 17 नवम्बर। थाना न्यू आगरा के सुरेश नगर में मंगलवार सुबह जमीनी विवाद में पूर्व बॉडी बिल्डर एवं जिम ट्रेनर शाहिद (49) की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी घरों से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे की है। सुरेश नगर निवासी शाहिद बाइक से घर के पास ही अपनी परचून की दुकान पर जा रहे थे। घर के सामने से गुजरते समय उनके बड़े भाई अफसर कुरैशी और उसके पुत्रों ने उन्हें रोक लिया और झगड़ा करने लगे। विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया।
आरोप है कि अफसर और उसके बेटों मेहताब व अल्ताफ ने शाहिद पर पत्थरों से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। परिजन शाहिद को मेडिकल कॉलेज की एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने मीडिया को बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि घर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर दावेदारी को लेकर विवाद चल रहा था। शाहिद पूर्व बॉडी बिल्डर और जिम ट्रेनर थे। वर्तमान में घर के पास किराना की दुकान चला रहे थे।
___________________________________

Post a Comment
0 Comments