Agra News -2: खबरें आगरा की-2....

डॉ. बी. के. अग्रवाल का लीडर्स आगरा और तपन फाउंडेशन ने किया अभिनंदन
आगरा, 22 नवम्बर। बेंगलुरु में राष्ट्रीय सम्मान से नवाजे गए शहर के फिजिशियन डॉ. बी. के. अग्रवाल का सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा और तपन फाउंडेशन ने रविवार को अग्रसेन भवन, लोहामंडी में स्वागत-अभिनंदन किया। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने उन्हें सम्मानित किया।
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन ने कहा, डायबिटीज के क्षेत्र में राष्ट्रीय अवार्ड मिलना आगरा के लिए बड़े गौरव की बात है। डॉ. अग्रवाल ने अपने क्लिनिक पर दिव्यांगों के लिए निशुल्क सेवाएं शुरू की हैं और जेनेरिक दवाओं को बढ़ावा देने में प्रयासरत हैं, ऐसे प्रयास अभिनंदनीय हैं। कार्यक्रम में सुरेश चंद गर्ग, डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. अशोक शर्मा, राजकुमार जैन, सुशील जैन, पार्षद शरद चौहान, रोहित गोयल, हेमा जैन, डॉ. शिवालिका, स्वीटी चौहान, शिखा जैन, आयुषी गुप्ता, सृष्टि दुबे, सोना वर्मा, रिनेश मित्तल, हरिकांत शर्मा, मनोज गोयल, सतीश शर्मा, शिवराम सिंघल, संजय नोटानी, संदीप जैन, आशुतोष गौतम, ऋतुराज दुबे, दीपू वर्मा, रोबिन जैन, राहुल जैन, अभिषेक जैन, शुभम जैन आदि मौजूद रहे।
________________________________________
मोदी की दीर्घायु की कामना के साथ निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा, यूपी में पहली बार आयोजन
आगरा, 22 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की मंगलकामना के साथ सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में प्रदेश में पहली बार भव्य चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा निकाली गई। डी-ब्लॉक, कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में चल रहे नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान महोत्सव के छठवें दिन यह आयोजन हुआ।
प्रातःकाल मुनि समत्वसागर, मुनि शीलसागर एवं मुनि सुप्रभात सागर के सान्निध्य में श्री आदिनाथ भगवान का अभिषेक और शांतिधारा हुई। सांसद नवीन जैन ने पत्नी रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र के रूप में विधान मंडल पर अष्टद्रव्य अर्पित किए। शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण भरत चक्रवर्ती की भूमिका रही, जिसे सांसद के छोटे भाई चक्रेश जैन ने निभाया। सांसद नवीन जैन पत्नी रेनू जैन संग श्वेत रथ पर सवार हुए।
शोभायात्रा में सुसज्जित ऊंट, पांच घोड़ियां, नगाड़ा-ढोल दल, छह मंचीय झांकियां, डीजे, बैंड दल, श्रीजी का रथ, 12 छत्रधारी और बच्चों की झांकी शामिल रही। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भरत चक्रवर्ती के जन्म से विवाह तक की लीलाएं, ऋषभदेव का वैराग्य, चक्ररत्न की उत्पत्ति और केवलज्ञान के प्रसंगों का मंचन हुआ। इस अवसर पर प्रदीप जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन सकल दिगंबर जैन समाज व श्रद्धालु मौजूद रहे।
________________________________________
सोशल मीडिया का सदुपयोग करें, दुरुपयोग नहीं, खास बनें आम नहीं || पत्रकार डॉ. महेश धाकड़ सम्मानित 
आगरा, 22 नवम्बर। जन कला मंच की ओर से यूथ हॉस्टल सभागार में “सोशल मीडिया में आम ओ खास की भागीदारी” विषय पर गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य अतिथि डॉ. जहांगीर अल्वी ने कहा, सोशल मीडिया अब जन-जन की जरूरत बन गया है, लेकिन इसके दुरुपयोग से अफवाह और नफरत फैल रही है। इसलिए किसी भी जानकारी पर आंख मूंदकर भरोसा करने से पहले क्रॉस चेक करना जरूरी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक डॉ. महेश धाकड़ को पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह और शॉल ओढ़ाकर जन सम्मान से नवाजा गया। डॉ. धाकड़ ने कहा, सोशल मीडिया की पहुंच अब बॉटम लाइन तक है। आमजन भी अपनी आवाज बुलंद कर पा रहा है, लेकिन इसका सदुपयोग ही करना चाहिए।
डॉ. जे. एन. टंडन, सरोज सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। अमीर अहमद अकबराबादी, यादराम सिंह कवि किंकर, कमल इलाहाबादी, दाऊद इकबाल, संजीव चौहान, संजय सिंह आदि ने काव्य पाठ व शायरी से समा बांधा।
“आज बचाओगे जो जल, काम आएगा वह कल” थीम पर विशाल रियाज लिखित लघु नाटक “तीसरा विश्व युद्ध” की प्रस्तुति ने वाहवाही लूटी।  इस अवसर पर प्रो. मधुरिमा शर्मा, अब्दुल कुद्दूस, सैयद अख्तर, मुबीन शाह, रशीद अल्वी, धर्मजीत सिंह, प्रदीप विरवानी, नरेश तन्हा आदि मौजूद रहे। संचालन विशाल रियाज ने व धन्यवाद ज्ञापन गुलाब सिंह ने किया।
________________________________________
व्यापारियों के प्रति विशेष संवेदनशीलता और सम्मान रखते थे नेताजी
आगरा, 22 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सपा नेता विनय अग्रवाल ने कहा कि वे ऐसे विरले जननेता थे, जिन्हें जनता ने स्नेह और सम्मान से ‘नेताजी’ और ‘धरती पुत्र’ की उपाधि दी। वे जमीन से जुड़े नेता थे और गांव, गरीब, किसान, मजदूर तथा आम आदमी की समस्याओं को गहराई से समझते थे।
उन्होंने कहा कि नेताजी व्यापारियों के प्रति विशेष संवेदनशीलता और सम्मान रखते थे। व्यापारियों के लिए बीमा योजना लागू करना, इंस्पेक्टर राज को समाप्त करने की दिशा में कदम उठाना, धारा 3/7 के दुरुपयोग पर रोक लगाने के प्रयास तथा चुंगी व्यवस्था समाप्त करना उनके कार्यकाल में व्यापारियों को राहत देने वाले महत्वपूर्ण कदम रहे।
________________________________________
निष्कलंक माता गिरजाघर में मनाया खीस्त राज महापर्व, श्रद्धालुओं ने निकाली भव्य शोभायात्रा
आगरा, 22 नवम्बर। ईसाई पूजन वर्ष के समापन के पावन अवसर पर खीस्त राज (क्राइस्ट द किंग) का महापर्व शहर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। निष्कलंक माता महागिरजाघर, वजीरपुरा मार्ग में विशेष धन्यवाद मिस्सा और पवित्र परमप्रसाद की भव्य शोभायात्रा का आयोजन हुआ। इसमें आगरा महाधर्मप्रान्त के 17 जिलों से लगभग पांच हजार श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समारोह का शुभारंभ महाधर्माचार्य डॉ. राफी मंजलि की अगुवाई में पवित्र मिस्सा के साथ हुआ। उनके साथ करीब 75 पुरोहितों ने मिस्सा अर्पित किया। पूर्व महाधर्माध्यक्ष डॉ. अल्बर्ट डिसूजा की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। अपने संदेश में डॉ. मंजलि ने श्रद्धालुओं से घृणा, भेदभाव और ईर्ष्या त्यागकर प्रेम, भाईचारा और सद्भाव अपनाने का आह्वान किया।
मिस्सा के बाद परमप्रसाद की शोभायात्रा सेंट पीटर्स कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर वजीरपुरा मार्ग व संजय प्लेस होते हुए गिरजाघर पहुंची। हाथों में जलती मोमबत्तियां, भक्तिमय गीत और माता मरियम की मनमोहक झांकी ने सभी का मन मोह लिया।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments