भाजपा नेता की स्कॉर्पियो में लगाई आग, युवक सीसीटीवी में कैद
आगरा, 10 नवम्बर। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में फेस-2 स्थित पानी की टंकी के पास घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार में सोमवार की देर रात एक युवक ने आग लगा दी। यह स्कॉर्पियो एक भाजपा नेता की बताई जा रही है।
आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
युवक सीसीटीवी कैमरे में कैद
घटना के दौरान अज्ञात युवक स्कॉर्पियो में आग लगाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। सीसीटीवी फुटेज में युवक स्कॉर्पियो में आग लगाते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज में वह गाड़ी के पास पहुंचता और आग लगाकर वहां से भागता नजर आ रहा है।
आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात युवक ने किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर गाड़ी में आग लगाई। आग इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई।
एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी भाजपा नेता सौरभ ठाकुर सोमवार रात दिवाली पर ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज-दो स्थित पानी की टंकी के पास अपनी बुआ के घर गए थे। अपनी स्कॉर्पियो घर के बाहर खड़ी कर दी। देर रात करीब एक बजे अचानक कार आग की लपटों से घिर गई। कार जलती देखकर परिजनों में खलबली मच गई। बाद में घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो एक युवक पत्थर से शीशा तोड़ता और ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाता दिखाई दिया।
पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आग लगाने वाले युवक की पहचान करने में जुटी है। स्कॉर्पियो में आग लगाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
_______________________________________

Post a Comment
0 Comments