Agra News: खबरें आगरा की....

यूपीसीए ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, 30 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
आगरा, 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के वर्ष 2027-28 के लिए होने वाले सभी ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 16 नवंबर से शुरू हो गया है। पंजीकरण 30 नवंबर तक चलेगा।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील जोशन ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी https://registration.upca.tv/ लिंक के माध्यम से स्वयं पंजीकरण कर सकेंगे। पंजीकरण करते ही पोर्टल से खिलाड़ी की पंजीकरण आईडी बन जाएगी।
पंजीकरण के दौरान खिलाड़ी को नाम, पता, पिता का नाम, आयु, जनपद और आयु वर्ग की जानकारी भरनी होगी। निर्धारित शुल्क 400 रुपये का चालान पोर्टल से ही मिलेगा। खिलाड़ी के मोबाइल नंबर से ही लॉगिन होगा और बाद में भी खिलाड़ी लॉगिन कर अपने आवेदन की स्थिति जान सकेगा।
पंजीकरण के समय खिलाड़ी को अपना वर्तमान फोटो, आधार कार्ड और डिजिटल जन्म प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा। कोई भी आवेदन ऑफलाइन नहीं होगा। एक मोबाइल फोन नंबर से एक ही खिलाड़ी पंजीकरण कर सकेगा, लेकिन खिलाड़ी कितने भी निर्धारित आयु वर्ग में पंजीकरण कर सकता है।
पंजीकरण के बाद चालान की कॉपी लेकर खिलाड़ी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यालय फुट ऑन शूज बिल्डिंग, सिकंदरा में केके नगर पेट्रोल पंप के सामने सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 9719001003 पर या संयुक्त सचिव सर्वेश भटनागर से संपर्क कर सकते हैं।
________________________________________
मस्जिद-मजारों से लाउडस्पीकर हटाने के लिए हिंदू महासभा ने दिया ज्ञापन
आगरा, 17 नवम्बर। अखिल भारत हिंदू महासभा ने मस्जिद-मजारों पर लगे लाउडस्पीकर हटाने को लेकर थाना ताजगंज पुलिस को ज्ञापन दिया। जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने न्यायालय के आदेश की प्रति सहित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि न्यायालय के आदेश के अनुसार तेज ध्वनि वाले स्पीकर किसी भी धार्मिक स्थल पर लगे हों तो उन्हें तुरंत हटाया जाए। मीरा राठौर ने चेतावनी दी कि अगर थाना ताजगंज पुलिस ने ज्ञापन पर संज्ञान लेकर कार्रवाई नहीं की तो वह शुक्रवार को स्वयं लाउडस्पीकर हटाने जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे जनपद में चलाया जाएगा। जल्द ही जिलाधिकारी को भी ज्ञापन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश का पालन कराना आगरा प्रशासन की जिम्मेदारी है। ज्ञापन देने वालों में सौरभ शर्मा, मनीष पंडित, अवतार सिंह गिल, शंकर श्रीवास्तव, सुनील यादव, बबलू निषाद, जितेंद्र कुशवाहा, विशाल, नितेश भारद्वाज, बाबू भाई शामिल रहे।
________________________________________
वायु सैनिक कैंप से लौटे आगरा कॉलेज के कैडेट्स का स्वागत
आगरा, 17 नवम्बर। ताम्बरम (चेन्नई) में आयोजित अखिल भारतीय वायु सैनिक कैंप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर लौटे आगरा कॉलेज के एनसीसी एयर विंग के कैडेट्स का सोमवार को महाविद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
45 दिनों के कठिन प्रशिक्षण के बाद लौटे कैडेट्स को प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कैंप में कैडेट कॉर्पोरल रिषभ सिंह, लीडिंग फ्लाइट कैडेट हर्ष बघेल, कैडेट कॉर्पोरल दीक्षा यादव, लीडिंग फ्लाइट कैडेट काजल अग्रवाल एवं लीडिंग फ्लाइट कैडेट श्रेया ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में एनसीसी एयर विंग के अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा, आर्मी विंग के अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल, एनएसएस प्रभारी डॉ. आनंद प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
________________________________________
साहित्यकार रेनू ‘अंशुल’ का नया उपन्यास ‘उर्मिला - अयोध्या की मौन साधिका’ लोकार्पित
आगरा, 17 नवम्बर। साहित्यकार रेनू ‘अंशुल’ के नए पौराणिक उपन्यास ‘उर्मिला - अयोध्या की मौन साधिका’ का विमोचन गाजियाबाद में ‘कथा रंग’ मंच से हुआ।
विमोचन समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार अशोक मैत्रेयी, महेश दर्पण, बलराम, सुभाष चन्द्र, आलोक यात्री, हरियश राय और कमलेश भट्ट ‘कमल’ सहित साहित्य प्रेमी और लेखक उपस्थित रहे।
रेनू ‘अंशुल’ ने बताया कि ‘उर्मिला’ की यह कथा स्त्रियों को केवल देवी नहीं, बल्कि एक निर्णयकर्ता के रूप में देखने का आमंत्रण है। यह अपने पति लक्ष्मण की प्रतीक्षा करती एक स्त्री की ही नहीं, बल्कि एक जागती हुई साधिका की कहानी है, जो अपनी योगनिद्रा की चेतना बन अयोध्या का नया इतिहास बुनती है। इससे पहले उनका पौराणिक उपन्यास ‘गाथा पंचकन्या’ आ चुका है, जो अहिल्या, द्रौपदी, कुंती, तारा और मंदोदरी पर आधारित है।
________________________________________
टीयर्स के बच्चों ने होटल में देखा मैजिक शो, किया डांस 
आगरा, 17 नवम्बर। बाल दिवस के उपलक्ष्य में टीयर्स के बच्चों के लिए एक होटल की ओर से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
बच्चों के मनोरंजन के लिए मैजिक शो का आयोजन किया गया। बच्चों ने डांस प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
होटल के मैनेजर किशोलय शर्मा, अंकित पंधीजा और सभी स्टाफ का योगदान रहा। निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने कहा कि यह एक रिक्रियेशनल एक्टिविटी है। हमारा प्रयास बच्चों को मुख्य धारा से जोड़ना है। 
________________________________________
मोदी की दीर्घायु के लिए नौ दिवसीय महा-अनुष्ठान शुरू, महिलाओं ने निकाली घटयात्रा
आगरा, 17 नवम्बर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलकामना के साथ राज्यसभा सदस्य नवीन जैन के नेतृत्व में नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का मंगलवार को शुभारंभ हुआ।
श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक, कमला नगर में पूज्य मुनि समत्वसागर, मुनि शीलसागर एवं मुनि सुप्रभात सागर के सान्निध्य में घटयात्रा एवं श्रीजी की रथयात्रा निकाली गई। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा की शोभा बढ़ाई।
यात्रा में प्रदीप कुमार जैन, सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन और योगेश जैन परिवार सहित रथों पर सवार थे। घटयात्रा कमला नगर में भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद ध्वजारोहण एवं मंडप उद्घाटन हुआ। श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन-अर्चना एवं विभिन्न धार्मिक क्रियाएं कराई गईं। 25 नवंबर तक चलने वाले इस विधान में प्रतिदिन धार्मिक पूजन, अर्घ्य समर्पण, गुरु भक्ति एवं मंगल प्रवचन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments