Agra News-2: खबरें आगरा की-2.....

कुंजी लाल गुलकंदी देवी पब्लिक स्कूल में मॉरीशस के प्रतिनिधियों का स्वागत
आगरा, 17 नवम्बर। खेरागढ़ रोड स्थित कुंजीलाल गुलकंदी देवी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को ‘रिस्पेक्ट एज इंटरनेशनल’ तथा मॉरीशस सीनियर सिटीजन काउंसिल के प्रतिनिधियों का स्वागत किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य “विश्व स्तर पर गरिमा का प्रसार और भारतीय मूल्यों के साथ युवाओं को सशक्त बनाना” है। विदेशी मेहमानों और वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत करते हुए विद्यालय के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। 
शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गान के साथ हुई। विद्यालय के संस्थापक डॉ. वीडी अग्रवाल, सह-संस्थापक पुष्पा अग्रवाल तथा ‘रिस्पेक्ट एज इंटरनेशनल’ के गिरीश गुप्ता भी उपस्थित रहे। 
________________________________________
कंगना रनौत के मामले में बहस पूरी, एक दिसंबर को कोर्ट सुनाएगा निर्णय
आगरा, 17 नवम्बर। भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के विरुद्ध किसानों के अपमान एवं राजद्रोह के मामले में मंगलवार को स्पेशल कोर्ट एमपी-एमएलए अनुज कुमार सिंह की कोर्ट में दोनों पक्षों की बहस पूरी हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक चली बहस के बाद कोर्ट ने आगामी एक दिसंबर को निर्णय के लिए तिथि नियत कर दी।
वादी राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बहस में कहा कि कंगना रनौत ने 26 अगस्त 2024 को बयान दिया था, जिसमें 2020 में केंद्र सरकार के कृषि कानूनों के खिलाफ करीब 15 महीने तक दिल्ली बॉर्डर पर बैठे किसानों पर हत्याएं करने, बलात्कार करने और अलगाववादी होने का आरोप लगाया था। वादी ने कहा कि काले कानून पूरे देश के किसानों के लिए बनाए गए थे और धरने पर देश के कोने-कोने से लाखों किसान बैठे थे, जिसमें करीब 750 किसानों की मौत हो गई थी। वादी स्वयं किसान का बेटा है और उसने खेती भी की है, इसलिए वह भी किसानों के अपमान से आहत है।
वादी की ओर से अधिवक्ता सुखबीर सिंह चौहान और राजवीर सिंह ने भी तर्क दिए। वहीं कंगना रनौत की ओर से सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अनसूया चौधरी ने वर्चुअल ऑनलाइन बहस की। उनके साथ जूनियर अधिवक्ता सुधा प्रधान भी रहीं।
________________________________________
न्यू आगरा सब्जी मंडी में नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, एक दर्जन से अधिक ठेल-ढकेल जब्त
आगरा, 17 नवम्बर। नगर निगम ने मंगलवार को सड़क पर ठेल-ढकेल लगाकर कारोबार करने वालों के खिलाफ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। न्यू आगरा में सब्जी मंडी में निर्धारित स्थानों के बजाय मुख्य सड़क तक ठेले लगाए जा रहे थे, जिससे न्यू आगरा-दयालबाग रोड पर सुबह और शाम जाम की स्थिति बन रही थी। नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक ठेल-ढकेल जब्त कर लीं।
टीम को देखकर कुछ दुकानदारों ने विरोध करने का प्रयास किया। इस पर टास्क फोर्स को मोर्चा संभालना पड़ा। हालांकि, विरोध के बावजूद नगर निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी और सड़क पर किया गया अतिक्रमण हटवाया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने इसकी शिकायत नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य से की थी। इसके बाद नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया।
________________________________________
जुर्माना अदा कर कैदी को कराया रिहा, अपराध निरोधक समिति की पहल
आगरा, 17 नवम्बर। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति के प्रांतीय चेयरमैन कमलेश श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला जेल में बंद एक कैदी को जुर्माना अदा करके रिहा कराया गया। यह जानकारी संयुक्त सचिव जिला मंत्री आलोक आर्य ने दी।
इस मौके पर जेल अधीक्षक हरिओम शर्मा, जेलर राजेश राय, राजीव जैन, विनय पुरवार, जिला उप मंत्री राहुल वर्मा और आलोक आर्य उपस्थित रहे।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments