गैंगस्टर के नाम पर धमकाकर छात्रा का चार साल तक शोषण, 20 लाख की वसूली का भी आरोप, मुकदमा दर्ज
आगरा, 15 नवम्बर। थाना लोहामंडी क्षेत्र में एक छात्रा के साथ धमकाकर शोषण करने और लाखों रुपये वसूलने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के आदेश पर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खबरों के अनुसार, पीड़िता वर्तमान में जीएनएम की छात्रा है। आरोप है कि स्कूल और फिर कॉलेज में साथ पढ़ने वाले युवक ने पहले उससे दोस्ती करनी चाही। मना करने पर दिल्ली के गैंग के सदस्यों के नाम से इंस्टाग्राम पर धमकी भरे मैसेज भेजकर डराया गया। परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उसे दोस्ती और साथ घूमने के लिए मजबूर किया गया।
आरोप: 20 लाख से अधिक वसूले
पीड़िता का आरोप है कि चार वर्षों में आरोपी ने उससे विभिन्न खातों में 10 से 12 लाख रुपये और करीब आठ लाख रुपये नकद ले लिए। उसके नाम पर 16 हजार रुपये का लोन भी करवा लिया। आधार और पैन कार्ड की कॉपी का दुरुपयोग कर सिम निकलवाने, यूपीआई खाते का पासवर्ड लेकर परिचितों से रुपये मांगने का भी आरोप है।
पीड़िता के अनुसार, अब उसके पास देने के लिए रुपये नहीं बचे हैं, तो आरोपी वीडियो वायरल करने और बदनाम करने की धमकी दे रहा है। हत्या की सुपारी देने और आत्महत्या कर परिवार को फंसाने की बात कहकर भी डराया जा रहा है। डर के कारण उसने घर से निकलना छोड़ दिया है और पढ़ाई भी बीच सत्र में छोड़नी पड़ी।
एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने मीडिया को बताया कि पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपों की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
________________________________________

Post a Comment
0 Comments