जनगणना से गायब 124 कर्मचारियों पर गिरी गाज, प्रशासन ने दिए एफआईआर के आदेश

आगरा, 07 नवम्बर। अगर आपकी जनगणना में ड्यूटी है और आप ड्यूटी से गायब हैं तो संभल जाइए, क्योंकि प्रशासन अब सख्त मूड में है। लगातार अनुपस्थित रहने और काम में लापरवाही बरतने वाले 124 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का आदेश जारी हो गया है। इनमें 107 प्रगणक और 17 सुपरवाइजर शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में जब जनगणना कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई तो बड़ी संख्या में कर्मचारियों के अनुपस्थित मिलने पर अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया। बैठक में ही सभी दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया गया।
प्रशासन का कहना है कि जनगणना कोई सामान्य सरकारी काम नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। इसमें जरा सी भी लापरवाही पूरे अभियान को प्रभावित कर सकती है। इसलिए अनुपस्थित कर्मचारियों को अब बख्शा नहीं जाएगा।
चार्ज अधिकारी लोहामंडी जोन शिवकुमार गौतम ने मीडिया को बताया कि अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के खिलाफ जनगणना अधिनियम-1948 की धारा 4, 5 और 11 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए आदेश पत्र जारी कर दिए गए हैं और संबंधित थानों में जल्द ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
नगर जनगणना अधिकारी शिशिर कुमार ने भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अनुपस्थित और लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ दिन-रात अभियान चलाकर दंडात्मक कार्रवाई पूरी की जाए।
वहीं, प्रशासन ने कर्मचारियों को अभी एक आखिरी मौका भी दिया है। शुक्रवार को होने वाले अंतिम प्रशिक्षण में शामिल न होने वाले कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद जनगणना कार्य में लगे अन्य कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है। सभी को तत्काल अपनी ड्यूटी पर लौटने और जिम्मेदारी संभालने की चेतावनी दी गई है।
_____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments