विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों को लेकर हंगामा, छात्र धरने पर बैठे, गेट पर लगाया पोस्टर - 'परीक्षा नियंत्रक लापता हैं'
आगरा, 14 अक्टूबर। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी को लेकर बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बीए और बीए-एलएलबी के विद्यार्थियों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अधिकारी के न मिलने पर छात्र करीब दो घंटे तक धरने पर बैठे रहे और नारेबाजी की।
छात्रों के आरोप -
- अंक घटे, फेल हुए: बीए-एलएलबी में पहले प्रमोट दिखाए गए छात्रों के दोबारा रिजल्ट में 10-15 नंबर घटा दिए गए, कई फेल हो गए।
- उल्टा रिजल्ट: बीए 2024 बैच का तीसरा सेमेस्टर लंबित है, चौथे का रिजल्ट जारी कर दिया गया। परीक्षा देने के बाद भी कई को अनुपस्थित दिखाया गया।
- पहला लंबित, दूसरे का जारी: बीए 2025 बैच का पहला सेमेस्टर अब तक जारी नहीं, दूसरे का जारी हो गया, सीजीपीए में भी गड़बड़ी।
- 1100 रु. देकर भी NQ: सह-पाठ्यक्रम में NQ आने पर 1100 रुपये लेकर दोबारा परीक्षा कराई, फिर भी रिजल्ट में NQ ही दिखाया।
छात्र नेता अंकुश गौतम ने कहा कि परिणामों में देरी और गड़बड़ी से छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने लंबित परिणाम जल्द जारी करने, अंक सुधारने और फीस मामले की जांच की मांग की।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments