हाथी घाट पर पितृ विसर्जन के दौरान हादसा, भतीजा बचा, चाचा यमुना में डूबा

आगरा, 10 अक्टूबर। छत्ता थाना क्षेत्र के हाथी घाट पर शनिवार सुबह पितृ विसर्जन के लिए यमुना में उतरे चाचा-भतीजे डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने भतीजे को बचा लिया, लेकिन चाचा गहरे पानी में बह गया। पुलिस गोताखोरों की मदद से तलाश में जुटी है।
दोनों रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली, पंचेश्वर महादेव के रहने वाले हैं। बताया गया है कि शनिवार सुबह करीब नौ बजे विराट (20 साल) अपने भतीजे राजवीर के साथ पितृों को जल देने हाथी घाट पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पितृ विसर्जन के बाद दोनों नहाने के लिए यमुना में उतर गए। पहले विराट उतरा और फिर उसने भतीजे को भी बुला लिया। मना करने के बावजूद दोनों आगे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। 
शोर सुनकर घाट पर मौजूद लोगों ने राजवीर को किसी तरह खींचकर बाहर निकाल लिया। विराट एक-दो बार पानी के ऊपर दिखा, फिर बह गया। घटना की सूचना पर परिजन और छत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोर लगाकर विराट की तलाश की जा रही है। 
_________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments