57वें आर्च बिशप डोमिनिक अथाइड मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, सेंट पीटर्स ने जीता उद्घाटन मैच

आगरा, 13 अक्टूबर। सेंट पीटर्स कॉलेज में सोमवार को 57वें आर्च बिशप डोमिनिक अथाइड मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। कॉलेज के क्रीडांगन में 13 से 15 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय टूर्नामेंट में शहर के 15 प्रमुख विद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं।
पहले ही मैच में मेजबान की धमाकेदार जीत
टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मेजबान सेंट पीटर्स कॉलेज और सेंट मेरी स्कूल के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सेंट पीटर्स कॉलेज ने शानदार खेल दिखाते हुए 3-0 से जीत हासिल कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
मुख्य अतिथि ने किया माल्यार्पण
शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि आगरा धर्मप्रांत के आर्च बिशप डॉ. राफी मंजलि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत आर्च बिशप डोमिनिक अथाइड के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। कॉलेज के प्रबंधक फा. इग्नेशियस मिरांडा ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट किया, वहीं प्रधानाचार्य फा. डॉ. ऑल्विन पिंटो ने शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।
"फुटबॉल सिखाता है कठिन परिश्रम और समायोजन"
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. राफी मंजलि ने कहा कि आज के छात्रों के कंधों पर ही राष्ट्र का भविष्य टिका है। खेल प्रतियोगिताएं हमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाती हैं। फुटबॉल एक बहुत सुंदर खेल है, जो हमें कठिन परिश्रम और जीवन में समायोजित रहना सिखाता है। उन्होंने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए टूर्नामेंट के शुभारंभ की घोषणा की।
15 टीमों में होगा खिताब के लिए मुकाबला
कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस टूर्नामेंट में 15 विद्यालयों की टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। सभी मैच कॉलेज के क्रीडांगन में ही खेले जाएंगे।
इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य फा. कुलकंत, फा. लुईस खेस, हेडमिस्ट्रेस सिस्टर एन्सी, सेंट पॉल्स इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य फा. सेंटियागो, सेंट फ्रांसिस हाईस्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर लीना और सिस्टर शर्ली सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।
______

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments