एसएन मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी कर बचाई 40 वर्षीय मरीज की किडनी
आगरा, 13 अक्टूबर। एसएन मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने 40 वर्षीय मरीज के किडनी ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर किडनी बचाई। लैप्रोस्कोपिक असिस्टेड पार्शियल नेफ्रेक्टॉमी तकनीक से ट्यूमर को निकाल दिया गया, जबकि स्वस्थ किडनी को सुरक्षित रखा गया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत ठीक है।
यह आगरा में आधुनिक यूरोलॉजी सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मरीज को बाहर इलाज के लिए करीब छह लाख रुपये खर्च और दिल्ली जाने की सलाह दी गई थी। आर्थिक तंगी के कारण मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज आया, जहां उसका सफल इलाज हुआ।
यूरोलॉजी विभाग के डॉ. विजय त्यागी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञों के समन्वय से जटिल ऑपरेशन अब एसएन में ही हो रहे हैं, मरीजों को बड़े शहरों में जाने की जरूरत नहीं है।
डॉ. अभिषेक पाठक ने बताया कि छोटे और सीमित ट्यूमर में पूरी किडनी निकालने की बजाय सिर्फ गांठ निकालकर किडनी बचाना संभव है। इससे किडनी की कार्यक्षमता बनी रहती है। सर्जरी में एनेस्थीसिया टीम से डॉ. अतिहार्ष मोहन, डॉ. प्रभा और डॉ. अमिता त्यागी की अहम भूमिका रही।
प्राचार्य एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने कहा कि संस्थान मरीजों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। किडनी में ट्यूमर होने पर समय पर जांच और यूरोलॉजिस्ट से परामर्श जरूरी है।
Post a Comment
0 Comments