ताजनगरी में 25 अक्टूबर को राष्ट्र स्तरीय क्षत्रिय समारोह - ‘शौर्य से संकल्प तक’
आगरा, 24 अक्टूबर। जिला क्षत्रिय सभा द्वारा 25 अक्टूबर, रविवार को सुबह 11 बजे से आरबीएस कॉलेज के राव कृष्णपाल सिंह ऑडिटोरियम में राष्ट्र स्तरीय क्षत्रिय वीरता एवं विजय पर्व समारोह ‘शौर्य से संकल्प तक’ का भव्य आयोजन किया जाएगा।
शुक्रवार को वाटर वर्क्स चौराहा स्थित क्षत्रिय सेवा सदन में आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया। जिला महामंत्री गजेंद्र सिंह परमार ने बताया कि समारोह में देशभर के विभिन्न राज्यों से क्षत्रिय संगठनों के 100 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। साथ ही आगरा, भरतपुर, धौलपुर, मथुरा, मुरैना, हाथरस सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में क्षत्रिय बंधु पहुंचेंगे। समारोह में एक स्मारिका का विमोचन भी होगा।
संयोजक गौरव परमार ने बताया कि विजयादशमी के उपलक्ष्य में यह आयोजन सामाजिक एकता और समाजोत्थान के लिए किया जा रहा है। समारोह में मृत्युभोज, दहेज प्रथा का विरोध, बेटियों की शिक्षा, युवाओं को स्वावलंबी बनाने, तकनीकी शिक्षा और प्रतिभाशाली छात्रों को निशुल्क कोचिंग जैसे महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
पूर्व सांसद आनंद मोहन सिंह, महीपाल सिंह मकराना, शेर सिंह राणा सहित कई राष्ट्रीय नेता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments