ऑनलाइन गेम में 1.12 लाख हारा अमेजन डिलीवरी बॉय, लूट की झूठी कहानी गढ़कर फंसा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

आगरा, 24 अक्टूबर। ऑनलाइन एविएटर गेम में 1.12 लाख रुपये हारने के बाद अमेजन के एक डिलीवरी बॉय ने लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के कैश कलेक्शन की रकम हजम करने के लिए उसने खुद ही 95 हजार रुपये और मोबाइल लूटने की फर्जी शिकायत पुलिस से कर दी। लेकिन सीसीटीवी फुटेज और जांच में पोल खुल गई और ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने शिकायतकर्ता अंशुल को ही गिरफ्तार कर लिया।
95 हजार लूट की दी थी सूचना
अंशुल ने पुलिस को बताया था कि बदमाशों ने उससे 95 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूट लिया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी ने खोली पोल
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो कहानी संदिग्ध लगी। सख्ती से पूछताछ में अंशुल टूट गया और उसने लूट का नाटक करना कबूल कर लिया।
खुद को चोट पहुंचाकर रचा ड्रामा
पूछताछ में सामने आया कि अंशुल एविएटर गेम का आदी है। वह 1,12,800 रुपये हार चुका था। कंपनी के कलेक्शन के पैसे भी गेम में हारने के बाद जमा करने से बचने के लिए उसने खुद को चोट पहुंचाई, कपड़े फाड़े और लूट की कहानी बनाई।
मोबाइल फोन और नकदी बरामद
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और 5,610 रुपये बरामद किए हैं। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन गेम में 1.12 लाख हारने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments