चांदी का सौदा कर कागज की गड्डी थमाते थे, न्यू आगरा पुलिस ने दो ठगों को दबोचा

आगरा, 29 सितम्बर। चांदी के व्यापार में बड़ा भुगतान करने का झांसा देकर ठगने वाले गिरोह का न्यू आगरा थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने अप्रचलित नोटों और कोरे कागज की गड्डियां बनाकर व्यापारियों को ठगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 10 लाख, 34 हजार, 500 रुपये के अप्रचलित नोट, चार हजार की प्रचलित करेंसी, एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
एक लाख की गड्डी खुलते ही खुला राज
एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने मीडिया को बताया कि 28 सितंबर को एक चांदी व्यापारी ने तहरीर दी थी। व्यापारी का गोविंदपुरम, गाजियाबाद स्थित फर्म से चांदी का कारोबार था, जो अमन वर्मा और सचिन वर्मा के माध्यम से होने लगा। करीब एक साल का भुगतान बकाया होने पर दबाव बनाया तो दोनों ने भगवान टॉकीज के पास बुलाया। कपड़े में सिली एक लाख की गड्डी दी, ऊपर 500 का असली नोट दिख रहा था। लेकिन उनके जाने के बाद खोलने पर अंदर सिर्फ एक असली नोट और बाकी सफेद कागज निकले।
 
बहादुर चौराहे से दबोचे गए
मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 29 सितंबर को ग्राम बहादुर चौराहे के पास घेराबंदी कर अमन वर्मा पुत्र सरवन वर्मा निवासी आकाश नगर गोविंदपुरम गाजियाबाद और सचिन वर्मा पुत्र विक्कल वर्मा निवासी शांति नगर दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
ठगी का तरीका
पूछताछ में बताया कि पहले कुछ रकम असली देकर भरोसा जीतते, फिर बड़ी खेप हाथ लगते ही भुगतान में ऐसी गड्डी थमा देते जिसके ऊपर-नीचे असली नोट और बीच में अप्रचलित नोट या कोरे कागज होते। गड्डी कपड़े में सिली होती ताकि तुरंत पता न चले।
कार से मिलीं चार और गड्डियां
कार की तलाशी में 500 के असली नोट लगी चार और संदिग्ध गड्डियां मिलीं। मोबाइल व अन्य साक्ष्यों से नेटवर्क खंगाला जा रहा है। पुलिस के अनुसार हरेंद्र निवासी फरीदाबाद और अनस गिरोह में शामिल हैं जो अप्रचलित नोट उपलब्ध कराते थे। दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ठगी की अन्य वारदातों का खुलासा हो सकता है।
____________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments