जेल भेजे गए कांग्रेसियों से मिलने कल एक को आगरा आयेंगे प्रदेशाध्यक्ष अजय राय || सीईसी के घर पर अभद्र भाषा लिखने का मामला

आगरा, 30 सितम्बर। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर पर हंगामा करने के आरोप में जेल भेजे गए अपने कार्यकर्ताओं के समर्थन में मुद्दे को गरमाने की तैयारी कर ली है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय राय गुरुवार एक अक्टूबर को यहां आ रहे हैं। 
पार्टी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार अजय राय गुरुवार को लखनऊ से सड़क मार्ग होते हुए पूर्वान्ह साढ़े 11 बजे यहां पहुंचेंगे और जिला जेल में निरुद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनके साथ जिले और शहर के कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे।
अजय राय अगले दिन सहारनपुर भी जाएंगे और वहां की जेल में निरुद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे।
 
गौरतलब है कि विगत सोमवार को यहां विजय नगर कॉलोनी स्थित मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभद्र भाषा लिखी थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया था। उन्हें मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम सारिब अली की कोर्ट ने सभी को तीन अक्टूबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कोर्ट ने विवेचक को निर्देश दिया कि एफआईआर में धारा 109(1) किन साक्ष्यों के आधार पर लगाई गई है, इसका जवाब तीन अक्टूबर तक दाखिल करें।
गिरफ्तार आरोपियों में आजमगढ़ के अनिल यादव, मथुरा के मुकेश धनगर, मनोज गौड़, राजेश कुमार, राजा गौतम और पंकज चौधरी शामिल हैं। इनमें पांच मथुरा के हैं। कुल आठ नामजद और 20 अज्ञात आरोपी हैं।
___________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments