सपा में विवाद: शब्बीर बोले, मैंने किसी को निष्कासित नहीं किया, किसी ने फर्जी लैटरपैड बनाकर प्रसारित किया
आगरा, 29 सितम्बर। समाजवादी पार्टी के महानगर संगठन में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार को महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के लैटर पैड पर महानगर उपाध्यक्ष रामनरेश यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित करने का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद कुछ पुराने कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया।
उधर महानगर अध्यक्ष ने पत्र को फर्जी बताया और एफआईआर कराने की बात कही। शब्बीर अब्बास ने कहा कि उन्होंने किसी को निष्कासित नहीं किया, किसी ने उनका फर्जी लैटर पैड बनाकर प्रसारित किया है।उनका कहना है कि यह पत्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से उनकी फर्जी नकल तैयार करके वायरल किया गया है।
गौरतलब है कि सपा में अंदरूनी कलह पहले से चल रही है। पहले अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय सचिव मोनिका नाज खान ने अध्यक्ष व करीबियों पर आरोप लगाकर इस्तीफा दिया था, फिर उपाध्यक्ष जमील खान और नासिर उर्फ रोहित ने इस्तीफा दे दिया।
वायरल पत्र पर एक स्थानीय नेता ने पोस्ट कर लिखा कि निष्कासन का अधिकार शहर अध्यक्ष को नहीं है। जो व्यक्ति दशकों से सक्रिय है, उसके लिए ऐसी भाषा अनुचित है और पार्टी के खिलाफ है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन के भीतर चल रहे इन लगातार विवादों और आरोपों-प्रत्यारोपों से सपा की स्थानीय राजनीति में सरगर्मी काफी बढ़ गई है।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments