कंबल में छिपा बैठा था काल, भाई-बहन को सर्प ने डसा; 10 साल की बच्ची की मौत, भाई जिंदगी-मौत से जूझ रहा
आगरा, 17 सितम्बर। थाना कागारौल के गांव मुरकिया में एक ही चारपाई पर सो रहे भाई-बहन के साथ जो हुआ, उसने पूरे गांव को दहला दिया। कंबल में दुबके जहरीले सांप ने दो मासूमों की जिंदगी पर वार कर दिया। सांप के काटने से बहन की जान चली गई और भाई की हालत गम्भीर बनी हुई है।
कैसे हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 16 सितंबर की रात करीब तीन बजे का वक्त था। दस साल की कामिनी और उसका 18 साल का भाई पंकज एक ही चारपाई पर सो रहे थे। रात में ठंड लगने पर घरवालों ने उन्हें ओढ़ने के लिए कंबल दिया। किसी को अंदाजा नहीं था कि उसी कंबल के अंदर काले रंग का सांप छिपा बैठा है। पहले सांप ने कामिनी को डस लिया। फिर वह पंकज के पैर से लिपट गया और उसे भी काट लिया। काटने के एहसास पर पंकज चीख पड़ा और बोला- काले सांप ने काट लिया है। आवाज सुनकर परिवार जागा तो घर में चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान दस साल की कामिनी ने दम तोड़ दिया। बुधवार की रात्रि में ही गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं पंकज की हालत बिगड़ने पर उसे शमसाबाद रोड स्थित जीआर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया गया है कि कामिनी, राकेश के दिवंगत भाई की बेटी थी और उनके साथ ही रहती थी। एक मासूम की मौत और दूसरे की गंभीर हालत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। गांव में भी इस घटना के बाद दहशत है।
______________________________________

Post a Comment
0 Comments