खाद्य विभाग के शहर से देहात तक छापे, मिठाई, दूध, पनीर, आलू के नमूने भरे गए, पुष्पक और सत्तो लाला के यहां भी पहुंची टीम
आगरा, 28 जुलाई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को शहर से देहात तक छापे मारकर आठ नमूने भरे गए।
मिलावटी एवं अवमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान बी.एस. धाकरे डेयरी कागारौल से पनीर का एक नमूना, वंश डेयरी खेरागढ़ से मिश्रित दूध का एक नमूना, दीपचन्द स्वीट्स से बेसन के लड्डू का एक नमूना, मुकेश कुमार सप्लायर से कलाकंद, बूंदी के लड्डू एवं मिल्क केक के एक-एक नमूने, पुष्पक मिष्ठान भण्डार, छीपीटोला से दूध का एक नमूना तथा सत्तो लाला कचौड़ी वाले से आलू के मसाले का एक नमूना विधिक रूप से संग्रहित किया गया।
संग्रहित समस्त नमूनों को परीक्षण हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किया गया। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यवाही के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी चन्द्र विजय सिंह, राकेश कुमार यादव, राकेश कुमार, सुरेन्द्र कुमार चौरसिया, आशुतोष कुमार सिंह एवं अमित कुमार सिंह शामिल रहे। सहायक खाद्य आयुक्त ने जनपदवासियों से अपील की कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी भी शिकायत की सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
__________________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments