अब हर शुक्रवार 'मोहल्ला समाधान दिवस-नगर निगम आपके द्वार' कार्यक्रम, हर हफ्ते आठ वार्डों की समस्याओं को सुना जाएगा, त्वरित समाधान भी
आगरा, 11 जून। नगर निगम ने जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से 'मोहल्ला समाधान दिवस-नगर निगम आपके द्वार' कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी स्वयं वार्ड स्तर पर पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनके समाधान की कार्रवाई करेंगे।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मीडिया को बताया कि स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सड़क, नाली, सीवर, निर्माण, जलकल, पेयजलापूर्ति, कर निर्धारण, उद्यानों के रखरखाव, संपत्ति तथा अतिक्रमण आदि जैसी नगर निगम से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नागरिकों को बार-बार निगम कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसी को देखते हुए सेवाओं को नागरिकों के निकट पहुंचाने का निर्णय लिया गया है, ताकि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और प्रभावी तरीके से हो सके।
नगर निगम के सभी चार जोनों में प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक जोन में दो-दो वार्डों का चयन किया जाएगा। इस प्रकार हर सप्ताह कुल आठ वार्डों में “मोहल्ला समाधान दिवस" आयोजित होगा। गर्मी में शिविर का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक जबकि सर्दी के मौसम में सुबह दस से दो बजे तक निर्धारित किया गया है। शिविर स्थल का चयन संबंधित जोनल अधिकारी द्वारा सार्वजनिक एवं सुगम स्थानों पर किया जाएगा। शिविरों में निर्माण, स्वास्थ्य, कर, उद्यान, प्रकाश, जलकल तथा अतिक्रमण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
प्रत्येक शिविर में शिकायत पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी। प्राप्त प्रत्येक शिकायत को क्रमांक आवंटित किया जाएगा। जिन शिकायतों का समाधान मौके पर संभव होगा, उनका तत्काल निस्तारण किया जाएगा, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। शिकायतकर्ता को शिकायत प्राप्ति की सूचना और संदर्भ संख्या भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिविर की संक्षिप्त रिपोर्ट, प्राप्त शिकायतों की संख्या, मौके पर निस्तारित मामलों और लंबित प्रकरणों की स्थिति उसी दिन शाम पांच बजे तक नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर शिविरों का निरीक्षण भी करेंगे तथा शिकायतों के निस्तारण की साप्ताहिक समीक्षा नगर आयुक्त स्तर पर की जाएगी। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
शिविर स्थलों पर नागरिकों के बैठने, पेयजल एवं छायादार व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया, मुनादी एवं अन्य माध्यमों से किया जाएगा।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments