ताजमहल पर मॉकड्रिल के दौरान सामने आई बड़ी तकनीकी खामी!

आगरा, 29 मई। आग लगने, संदिग्धों की घुसपैठ या किसी अन्य आपात स्थिति में पुलिस, सीआईएसएफ और अन्य एजेंसियों की सक्रियता जांचने के लिए ताजमहल परिसर में व्यापक मॉक ड्रिल कराई गई। इस दौरान अग्निशमन संबंधी बड़ी तकनीकी कमी भी सामने आई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे पहले फायर सुरक्षा मॉक ड्रिल की गई। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए आग लगने की स्थिति से निपटने का अभ्यास कराया गया। इसके तहत होटल अमर विलास के सामने स्थित भूमिगत फायर पंप रूम की जांच की गई। इसके बाद ताजमहल के ईस्ट गेट पर आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। ईस्ट गेट पर लगे जल बिंदुओं से पाइप जोड़कर आग बुझाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान यह भी देखा गया कि इमरजेंसी में कितनी जल्दी टीम मौके पर पहुंचती है और आग पर काबू पाने में कितना समय लगता है।
मॉक ड्रिल के दौरान एक बड़ी तकनीकी कमी भी सामने आई। होटल अमर विलास के सामने स्थित भूमिगत फायर पंप रूम तय प्रेशर नहीं बना सका। अधिकारियों ने इसे गंभीर मानते हुए संबंधित विभाग को तकनीकी सुधार के लिए पत्र भेजने की बात कही है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में दिक्कत न आए।
Get an exciting opportunity by clicking this advertisement 
इसके बाद एंटी-इन्ट्रूजन मॉक ड्रिल कराई गई। इसमें एक काल्पनिक स्थिति बनाई गई कि दो संदिग्ध व्यक्ति ईस्ट गेट के लेबर गेट से ताजमहल परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्यूआरटी टीम तुरंत सक्रिय हुई। टीम ने संदिग्धों को घेरकर पकड़ने और हमले की कोशिश को नाकाम करने का अभ्यास किया।
तीसरी ड्रिल पुलिस और फायर सर्विस के रिस्पॉन्स को लेकर हुई। इसमें ईस्ट गेट की बुकिंग विंडो पर आग लगने की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान यह देखा गया कि सूचना मिलने के बाद टीम कितनी देर में मौके पर पहुंचती है और किस तरह समन्वय बनाकर काम करती है।
पूरे मॉक ड्रिल अभियान में थाना ताज सुरक्षा पुलिस, सीआईएसएफ, फायर ब्रिगेड, थाना ताजगंज पुलिस, जल पुलिस चौकी, थाना पर्यटन, पीएसी, फायर सर्विस, बम डिस्पोजल दस्ता, डॉग स्क्वाड, एएस चेक टीम और अभिसूचना विभाग के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments