राज चौहान हत्याकांड और ढाबा संचालक से चौथ वसूली का आरोपी मोनू यादव मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगी

आगरा, 04 मई। ट्रांसयमुना क्षेत्र में राज चौहान हत्याकांड और एक ढाबा संचालक से 20 लाख रुपये की चौथ मांगने के मामले में चर्चा में आए हिस्ट्रीशीटर मोनू यादव को पुलिस ने विगत रात्रि मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके पैर में पुलिस की गोली भी लगी। मोनू यादव पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने वांछित अभियुक्त मोनू यादव पुत्र श्याम बाबू निवासी नगला रामबल थाना ट्रांस यमुना को झरना नाले के पास रोका। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली मोनू के पैर में लगी। उसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस.315 बोर व एक मोटर साइकिल बरामद हुई।
मोनू यादव राज चौहान हत्याकांड में शक के दायरे में आया था। पुलिस मुठभेड़ के डर से वह पुराने मामले में जमानत कटवाकर जेल चला गया था। मामला ठंडा पड़ते ही जमानत करवा ली। 
लेकिन जेल से छूटते ही अपने ही गांव के रहने वाले ढाबा संचालक को रोककर दस लाख रुपये की चौथ मांगी थी और जेब में रखे तीस हजार रुपये छीन लिए थे। मोनू और उसके परिजन पर इस मामले में थाना ट्रांस यमुना में प्राथमिकी दर्ज है।
हाथरस के सादाबाद स्थित बेदई गांव का मूल निवासी राज चौहान अपने परिवार के साथ कालिंदी विहार में रहता था। विगत 23 जनवरी की रात टेढ़ी बगिया के एक गेस्ट हाउस में राज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उसे सात गोलियां लगी थीं। सीसीटीवी से पांच लोगों के शामिल होने की पुष्टि हुई थी। राज की मां नीरज कुमारी शुरू से हिस्ट्रीशीटर मोनू यादव को मास्टरमाइंड बता रही थीं। पुलिस आयुक्त ने इस मामले में एसआईटी गठित कर दी थी और राज की मां को पुलिस सुरक्षा दी गई थी।
________________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments