मदर्स डे पर आगरा में हुए विविध आयोजन
अभिभावक सम्मेलन और मातृ दिवस मनाया
आगरा, 09 मई। बाबूलाल गोयल सरस्वती विद्या मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तहसील मार्ग में शनिवार को अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। मातृ दिवस के अवसर पर मातृ पूजन के दौरान बच्चों ने अपनी माताओं के चरण छूकर और माल्यार्पण कर भी सदा उनका आदर करने का प्रण लिया।
शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ पार्थसारथी शर्मा मुख्य वक्ता भावना वरदान शर्मा और प्रधानाचार्य राजकुमार ने दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया। मुख्य अतिथि डॉ पार्थसारथी शर्मा ने संस्कारों एवं स्वच्छता पर विचार व्यक्त किए। मुख्य वक्ता लेखिका भावना शर्मा ने छात्र संसद एवं शिशु भारती के पदाधिकारियों को गोपनीयता की शपथ दिलाई।
भावना वरदान शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। भारतीय सनातन संस्कृति में घर ही संस्कारों की प्रथम पाठशाला होता है जहाँ हम नैतिक मूल्यों और संस्कारों की शिक्षा माता पिता से ग्रहण करते हैं। अभिभावकों को बच्चों के मनोवैज्ञानिक सामाजिक और शैक्षणिक विकास पर ध्यान देना चाहिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गीत गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियां नन्हें मुन्हें बच्चों ने प्रस्तुत की। महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर विशिष्ट अतिथियों द्वारा महाराणा प्रताप के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया और उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को सुनाकर बच्चों को प्रोत्साहित किया।
________________________________________
टीयर्स ने मम्मियों के साथ मनाया मदर्स डे
आगरा, 09 मई। मंदबुद्धि शिक्षण संस्थान टीयर्स के प्रांगण में शनिवार को मदर्स डे आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों की मम्मियों ने विभिन्न प्रस्तुतियां दी।
सबसे पहले मदर्स ने अपने बच्चों के साथ मिलकर मेरी मां गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति में बुशरा, बंटू, सनी, शिवांश, गुलजार, अतुल, काशिफ, आतिफ, रचना, रोहित बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मदर्स के लिये विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। म्यूजिकल चेयर, बैलून रेस, पेपर डांस में जीतने वाली मदर्स को संस्था की निदेशिका डॉ रीता अग्रवाल ने प्राइज देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ पुष्प लता प्रमुख चिकित्सक महिला चिकित्सालय गाइनिकोलॉजिस्ट एस एन मेडिकल कॉलेज, स्वाति वार्ष्णेय धर्मपत्नि आर टीओ, प्रवीणा राजावत पार्षद शास्त्रीपुरम व ममता गोयल उपस्थित रहीं। निदेशिका डॉ रीता अग्रवाल ने सभी का स्वागत किया।
________________________________________
मदर्स डे पर निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर 10 को
आगरा, 09 मई। महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुटुंब संस्था एवं इंडिया राइजिंग के सहयोग से मदर्स डे के अवसर पर एक निःशुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
यह शिविर रविवार, 10 मई को आनंद मंगल हॉस्पिटल, कमलानगर में आयोजित होगा। शिविर में महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं की निःशुल्क जांच, परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। शिविर की मुख्य अतिथि वत्सला प्रभाकर अध्यक्ष, महिला शाँति सेना होंगी। डॉ स्मिता राघव एव डॉ हेमंत बंसल द्वारा महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में सलाह दी जाएगी।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments