Agra News: खबरें आगरा की......
पालीवाल पार्क में ठेल-धकेल जब्त
आगरा, 07 अप्रैल। अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन ने पालीवाल पार्क क्षेत्र में फुटपाथ पर कब्जा जमाकर कारोबार कर रहे दुकानदारों को हटवाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से रखे गए सामान और कई ठेल-धकेल को जब्त किया गया। कार्रवाई से क्षेत्र के दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला।
एक लावारिस हालत में खड़ी ठेल को बुलडोजर की मदद से ध्वस्त कर दिया गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपने सामान को तुरंत हटाना शुरू कर दिया, वहीं कुछ ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश भी की। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिस बल की सख्ती के चलते विरोध करने वालों के हौसले पस्त हो गए और अभियान बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रहा।
_________________________________________
प्रदेश पावरलिफ्टिंग में 450 खिलाड़ियों ने भाग लिया
आगरा, 07 अप्रैल। एकमे इंस्टीट्यूट सिकंदरा में हुई उत्तर प्रदेश सब-जूनियर, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रदेश भर से आए लगभग 450 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
डॉ भंवर सिंह दिवाकर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया। “स्ट्रांग वूमेन ऑफ उत्तर प्रदेश” एवं “स्ट्रांग मैन ऑफ उत्तर प्रदेश” के खिताब भी दिए गए।पुरस्कार वितरण का संचालन रवि ने किया। प्रतियोगिता का संचालन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरदीप सिंह हीरा ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश पावरलिफ्टिंग के सचिव अमित राय मौजूद रहे। प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सत्यंदेश्वरी किरण, सुभाष गुर्जर, प्राचार्य डॉ बी पी सिंह, गगन दिवाकर हिमांशु दिवाकर, रोहित गुप्ता, सीता बघेल, सचिन मौजूद रहे।
_________________________________________
आगरा मंडल व्यापार संगठन ने बैंकों पर उठाए सवाल
आगरा, 07 अप्रैल। आगरा मंडल व्यापार संगठन ने एक पत्र केंद्रीय वित्त मंत्री एवं गवर्नर रिजर्व बैंक आफ इंडिया को पत्र लिखकर कहा है कि सरकार के निर्देशानुसार व्यापार चलाने के लिए बैंक खाता खुलवाना आवश्यक है तो बैंकों द्वारा अनावश्यक रूप से मेंटेनेंस/ मिनिमम/कैश डिपॉजिट चार्ज के नाम पर अकाउंट में से रुपया डेबिट किया जा रहा है जो कि व्यापारियों पर एक अतिरिक्त भार है। यह सरासर गलत है इस विषय पर ग्राहकों द्वारा बैंकों से पूछे जाने पर बैंकों द्वारा ग्राहकों से यह कहा जा रहा है कि यह कर तो कंप्यूटर में स्वत: ही लिया जा रहा है जबकि वास्तविकता यह है कि बैंकों द्वारा अपने-अपने स्तर से कंप्यूटर को डिजाइन किया गया है. क्या यह उपरोक्त तीनों चार्ज लिया जाना सरकार/ आरबीआई की गाइडलाइन के अनुसार है? संगठन ने अपने पत्र में वित्तमंत्री महोदय से मांग की है कि शीघ्र ही इस विषय पर संज्ञान लेते हुए इस अतिरिक्त चार्ज को तुरंत बंद करने के आदेश पारित किए जाएं। मांग करने वालों में संगठन के गिरीश चंद्र गोयल, त्रिलोक चंद शर्मा, राजकुमार अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, सचिन गर्ग, नितिन अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, अंकित पाठक, डी. के. जैन, प्रदीप लूथरा, रिंकू अग्रवाल, काजल अग्रवाल हैं।
_________________________________________
बुद्धा पार्क की प्रगति देखने पहुंचे नेतागण
आगरा, 07 अप्रैल। कालिंदी विहार स्थित विकसित हो रहे बुद्धा पार्क का मंगलवार को भारतीय जाटव समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा नेता उपेंद्र सिंह ने करतार सिंह भारतीय, नेत्रपाल सिंह, समीर चतुर्वेदी, चौधरी बच्चू सिंह, पातीराम सागर, महिपाल सिंह एवं भंते आमनाथ इतितोचे के साथ निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित जनों ने पार्क के विकास को लेकर विभिन्न सुझाव भी दिए। नगर निगम के अधिकारी सुदेश यादव एवं आदित्य कुमार उपस्थित रहे और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। कहा गया कि बुद्धा पार्क के निर्माण से आगरा में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।
_________________________________________
नौ को सौ से अधिक देशों के एकसाथ होगा नवकार मंत्र दिवस का आयोजन
आगरा, 07 अप्रैल। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन की एपेक्स विंग, महिला विंग और युवा विंग की संयुक्त बैठक मंगलवार को एमडी जैन इंटर कॉलेज में संपन्न हुई।
बैठक में नवकार मंत्र दिवस के पोस्टर का विमोचन किया गया तथा कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार और सहभागिता बढ़ाने की विभिन्न रणनीतियों पर चर्चा की गई।
चैप्टर अध्यक्ष योगेश जैन ने बताया कि नौ अप्रैल को यह कार्यक्रम एम.डी. जैन इंटर कॉलेज, हरिपर्वत में सुबह 8:00 से 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा और इसी समय दुनिया के 100 से अधिक देशों में भी लोग एक साथ नवकार मंत्र का जाप करेंगे। पहली बार इतने देशों में एक समय पर महामंत्र का जाप किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से मनीष सुराणा, अक्षत जैन, संगीता जैन, तनु पटनी जैन, नितिन जैन, अशोक कोठारी, प्रदीप जैन, सौरभ जैन, विभव जैन और शिविर जैन उपस्थित रहे।
_________________________________________
शीतगृह स्वामियों एवं कर्मचारियों को संयंत्रों के रखरखाव और अग्निशमन का प्रशिक्षण दिया गया
आगरा, 07 अप्रैल। जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूर सदन ऑडिटोरियम में शीतगृह स्वामियों एवं उनके कर्मचारियों हेतु संयंत्रों के रखरखाव तथा अग्निशमन से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के शीत गृह स्वामी एवं उनके मशीन रूम स्टाफ की भागीदारी रही।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग थे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुख्य अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह, जिला उद्यान अधिकारी अनीता सिंह, असिस्टेंट डायरेक्टर फैक्ट्रीज लीना भाटिया, असिस्टेंट लेबर कमिश्नर शगुन उमर, पर्यावरण विभाग के अधिकारी, आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल एवं ग्रामीण कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष अवनीश गुप्ता उपस्थित रहे और उन्होंने अपने विचार साझा किए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री देवेंद्र सिंह जी ने शीत गृहों में संयंत्रों के सुरक्षित रखरखाव, अमोनिया गैस से बचाव के उपाय, अग्नि सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों तथा किसी भी आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले प्रभावी कदमों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रायोगिक प्रदर्शन (प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन) के माध्यम से अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग की विधि समझाई तथा उपस्थित स्टाफ को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments