ट्रांस यमुना में लीक हो रहे गैस सिलेंडर से लगी आग, मां-बेटा, भाई झुलसे, छत से कूदी बेटी के दोनों पैरों में फ्रैक्चर
आगरा, 21 मार्च। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के अंतर्गत राजनगर स्थित एक घर में शनिवार की शाम गैस लीकेज से आग लग गई। घर में पूजा के दौरान दीपक जलाते ही धमाके के साथ आग भड़क गई। आग में मां, बेटा और भाई झुलस गए। परिवार के लोग किसी तरह घर के बाहर भागे, जान बचाने के लिए छत से कूदी बेटी के दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में परचून की दुकान और घर का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। लगभग पांच लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया।
खबरों के अनुसार, राजनगर शाहदरा निवासी अखिलेश शर्मा के घर में 25 वर्ष पुरानी परचून की दुकान है। शनिवार दोपहर को ही गैस सिलेंडर की डिलीवरी हुई थी।
शाम करीब सात बजे वह अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ छत पर रोज की तरह पूजा करने गए। उनकी पत्नी वंदना ने मंदिर में दीपक जलाया। उसी समय पहले से लीक हो रही गैस के कारण धमाका हो गया और भीषण आग लग गई। आग लगते ही सभी लोग सीढ़ियों के रास्ते नीचे भागे।
अखिलेश की उनकी पत्नी वंदना, बेटा आरव और भाई शैलेंद्र शर्मा जमीन पर गिर गए। तीनों आग की चपेट में आकर झुलस गए। पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला। इस दाैरान जान बचाने के लिए बेटी भूमि छत से कूद गई। उसके दोनों पैर में फ्रैक्चर हो गया। सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments