बाबरी विध्वंस की बरसी पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने फतेहपुरसीकरी दरगाह में की चादरपोशी, पत्नी डिम्पल और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन भी साथ रहीं

आगरा, 06 दिसम्बर। बाबरी विध्वंस की बरसी पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फतेहपुर सीकरी राजनीतिक हलकों में हलचल पैदा कर दी। शनिवार को अखिलेश अपनी पत्नी डिंपल यादव तथा राज्यसभा सदस्य जया बच्चन के साथ सूफी संत हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर पहुंचे, वहां चादर पोशी कर मजार पर माथा टेका। सभी ने अमन-चैन की दुआ मांगी।
हजरत शेख सलीम चिश्ती की मजार से वापस आते समय सपा मुखिया कार्यकर्ताओं से भी मिले। उन्होंने कहा कि एस आई आर वोटर लिस्ट में चल रहे कार्य पर लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है। ध्यान रखना है कि वोट कटने नहीं पाए, सतर्क होकर आप लोग अपने वोट बढ़ाएं।
राजनीतिक विश्लेषक सपा मुखिया के छह दिसंबर के ऐतिहासिक दिवस पर फतेहपुरसीकरी पहुंचकर सूफी संत की दरगाह पर चादरपोशी करने को मुस्लिम वोट बैंक पर मजबूती बनाए रखने के कदम के रूप में भी देख रहे हैं।
इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव बोले, आगरा में मेट्रो रेल का जो कार्य चल रहा है वह समाजवादी पार्टी की ही देन है। आगरा की पहचान ताज से है, पेठे की मिठास, हैंडीक्राफ्ट्स में हुनर के कार्य से भी आगरा को जाना जाता है। ऐतिहासिक स्थलों पर लोगों को रोजगार मिलता है, उनके परिवार चलते हैं।
यमुना और गंगा नदी के प्रदूषण पर कहा कि सरकार ने कहा कि डबल इंजन की सरकार है। आप देखते हैं यमुना नदी का हाल क्या है यह किसी से छुपा नहीं है, भाजपा सरकार कहती थी बिहार में गंगा का जल पहुंचे तो बिल्कुल साफ होगा, किंतु गंगा का जल भी आचमन के लायक नहीं है। यमुना नदी के आगरा आते-आते पानी ऐसा लगता है किसी नाले का पानी है।
आगरा की नौ सीटों पर भी प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा आने वाले विधानसभा चुनाव में हमने भी समीकरण बदलने का कार्य बीजेपी से सीखा है। आने वाले समय में आगरा में भी समीकरण बदलेंगे और समाजवादी पार्टी के विधायक विजयी होंगे, समीकरण के हिसाब से ही पार्टी कार्य करेगी।
सपा मुखिया के फतेहपुर सीकरी पहुंचने पर पार्टी के जिलाध्यक्ष वाजिद निसार, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी सहित प्रदीप मुखिया, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राजपाल यादव ने स्वागत किया।
____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments