गुरुग्राम में भीषण सड़क हादसा, आगरा की दो युवतियों और एक युवक समेत पांच का करुणांत, एक घायल

गुरुग्राम, 27 सितम्बर। यहां दिल्ली-जयपुर हाईवे पर झाड़सा फ्लाईओवर के पास सुबह एक थार गाड़ी के डिवाइडर से टकरा कर पलट जाने से उसमें सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन युवतियां और दो युवक शामिल हैं। इनमें से दो युवतियां और एक युवक आगरा के निवासी बताए गए हैं। तीसरी युवती के निवास का पता लगाया जा रहा है। मृतकों में एक युवक हरियाणा के सोनीपत जिले का निवासी था। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। उसका मेदांता अस्पताल में उपचार जारी है। 
बताया गया है कि यह हादसा तड़के करीब साढ़े चार बजे गाड़ी की तेज रफ्तार के कारण हुआ। पलटी गाड़ी में सवार अधिकांश लोगों के चेहरे पहचान में नहीं आ रहे थे। उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान हुई। पुलिस ने सभी के परिजनों को सूचित कर दिया।
खबरों के मुताबिक, चार मृतकों की पहचान आदित्य प्रताप सिंह, प्रतिष्ठा मिश्रा, लावण्या और गौतम के रूप में हुई। आदित्य और प्रतिष्ठा जज कंपाउंड, आगरा के रहने वाले थे और लावण्या शास्त्रीपुरम, आगरा की रहने वाली थी। गौतम सोनीपत का निवासी था और वर्तमान ग्रेटर नोएडा में रह रहा था। एक अन्य मृत युवती सोनी के निवास का पता लगाया जा रहा है। हादसे में घायल कपिल नामक युवक मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है। उसके पिता यूपी पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं। प्रतिष्ठा रायबरेली के एक जज की बेटी बताई गई है।
खबरों में कहा गया कि प्रतिष्ठा और लावण्या ग्रेटर नोएडा के लॉयड लॉ कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थीं और एक ही हॉस्टल में रहती थीं। आदित्य नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता था। 
पुलिस की नजर में संभावना है कि वे नोएडा से गुरुग्राम क्लब तक थार कार से गए थे। सुबह चार बजे झाड़सा एग्जिट और अंडरपास होते हुए दिल्ली वापस लौट रहे थे। तभी, तेज रफ्तार के कारण, एग्जिट के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और कई बार पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि थार की पूरी छत उड़ गई। गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गाड़ी पलटने से उसमें सवार लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। दुर्घटना के बाद लगभग 100 मीटर तक वाहन के टुकड़े बिखरे पड़े मिले। गाड़ी में तीन युवतियां और तीन युवक सवार थे। चार युवक-युवतियों की मौके पर ही मौत हो गई। कपिल और प्रतिष्ठा घायल हो गए, जिन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया। प्रतिष्ठा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। कपिल का आईसीयू में इलाज चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, थार वाहन, यूपी 81 सीएस 2319, अलीगढ़ में विष्णु कुमार के नाम पर पंजीकृत है।
मृतकों के नाम
1. प्रतिष्ठा मिश्रा (उम्र 25 वर्ष) पुत्री चंद्रमणि मिश्रा मूल निवासी रायबरेली।
2. आदित्य प्रताप सिंह (उम्र 30 वर्ष) पुत्र जितेन्द्र पाल सिंह निवासी आगरा।
3. गौतम पुत्र (उम्र 31 वर्ष) युद्धवीर सिंह निवासी मोहना, सोनीपत, वर्तमान निवासी ग्रेटर नोएडा 
4. लावण्या (उम्र-26 वर्ष) पुत्री देवेन्द्र पाल निवासी आगरा।
5. सोनी पता नामालूम।
घायल का नाम
कपिल शर्मा (उम्र 28 वर्ष) पुत्र हर्षरूप निवासी बुलन्दहर)।
____________________________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments