शनै: शनै: घट रही यमुना, लेकिन दुश्वारियां बरकरार, निचले इलाकों में अभी जल प्लावन के हालात
आगरा, 10 सितम्बर। जिले में यमुना अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, हालांकि सिंचाई विभाग का दावा है कि जलस्तर कम हो रहा है, लेकिन इसकी गति अभी बहुत धीमी है। इस कारण यमुना किनारे के निचले इलाके अभी जलमग्न हैं। इन किनारों पर रहने वाले हजारों लोगों ने घर छोड़ दिए हैं।
श्मशानघाट में पानी भरा होने के कारण सड़कों पर शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। बाढ़ का पानी यमुना किनारा रोड पर भरा है। स्ट्रेची ब्रिज के नीचे चार फीट तक जलभराव है, यहां लोगों के वाहन पानी में डूब रहे हैं। आगरा किले की खाई में बाढ़ का पानी भर गया है। ताजमहल की दीवार को यमुना का पानी छू रहा है। महताब बाग और ताज व्यू प्वाइंट पानी में डूबे हुए हैं। एत्मादउद्दाैला स्मारक के यमुना की तरफ बने 12 कमरों में पानी भरा हुआ है। ताजमहल पश्चिमी गेट की पार्किंग का रास्ता जलमग्न हो गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) स्मारकों में बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे करने के लिए यमुना का जलस्तर घटने का इंतजार कर रहा है।
सिंचाई विभाग के अनुसार, मंगलवार रात को यमुना का जलस्तर 501.42 फीट तक पहुंच गया था यह बुधवार सुबह 10 बजे यह 501.03 फीट दर्ज किया गया। इसके बाद दोपहर दो बजे का अपडेट जारी किया गया तो यमुना का जलस्तर 500.9 फीट आ गया। शाम चार बजे यमुना का जलस्तर 500.82 फीट और फिर शाम सात बजे 500.62 फीट दर्ज किया गया।
सांसद जैन ने शेल्टर होम में मजदूरों को उपलब्ध कराई मदद
राज्यसभा सदस्य नवीन जैन ने बुधवार को क्षेत्रीय पार्षदों के साथ यमुना किनारे के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। सांसद ने दयालबाग स्थित अमर बिहार पुलिस चौकी के पास, पोईया घाट तथा बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर क्षेत्रों का निरीक्षण किया। वे शेल्टर होम में रह रहे मध्यप्रदेश से आए मज़दूरों से भी मिले और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई।
जिलाधिकारी और विधायक ने राहत किट बांटी
जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी और विधायक छोटेलाल वर्मा ने तहसील फतेहाबाद में बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण कर जायजा लिया प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री किट का वितरण किया। उन्होंने गांव नगरिया रामकरण में दुर्गामाता मंदिर धर्मशाला में बने बाढ़ शरणालय, गढ़ी भज्जै के प्राथमिक स्कूल में बने बाढ़ शरणालय में राहत किट बांटी।
Post a Comment
0 Comments