भाजपा मंडल अध्यक्ष और मंत्री को थाने में बैठाने पर कार्यकर्ताओं का हंगामा, जगनेर थाना प्रभारी लाइन हाजिर
आगरा, 23 सितम्बर। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के मंडल मंत्री के साथ विवाद होने और उन्हें अध्यक्ष समेत थाने में बैठा लिए जाने से नाराज पार्टी कार्यकर्ताओं ने थाना जगनेर पर जमकर हंगामा किया। भाजपाइयों की नाराजगी को देखते हुए डीसीपी पश्चिमी जोन ने थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया।
खबरों के मुताबिक, जगनेर में फल विक्रेता से विवाद होने के बाद भाजपा के मंडल मंत्री मनोज अग्रवाल को पुलिस पकड़ कर थाने ले गई थी। उनकी पैरवी में मंडल अध्यक्ष लवलेश कुमार पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भी बैठा लिया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने का घेराव करने पहुंच गए।
बताया गया है कि जगनेर के मुख्य बाजार में अग्रवाल धर्मशाला है, जहां से 24 सितंबर को अग्रसेन शोभायात्रा निकाली जाना प्रस्तावित है। धर्मशाला के सामने ही फलों की ठेल लगती है, समिति के सदस्य और भाजपा मंडल मंत्री मनोज ने यात्रा के लिए फलों के ठेलों को हटाने के लिए कहा था। इस पर एक फल विक्रेता दामोदर ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि दामोदर ने अपने बेटों को बुलाकर मारपीट शुरू कर दी। मनोज अग्रवाल थाना जगनेर में मारपीट की शिकायत लेकर पहुंचे। दौरान दामोदर पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। सूचना मिलने पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष लवलेश कुमार भी थाने पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने ठेल विक्रेताओं पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मंडल मंत्री और ठेल विक्रेता के बेटे मानव और भाई पिंकी को थाने में बैठा लिया। इसका लवलेश कुमार ने विरोध किया। पुलिस कर्मी और भाजपा नेताओं में विवाद होने लगा। पुलिस ने मंडल अध्यक्ष को भी थाने में बैठा लिया। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। कुछ देर बाद भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम भदौरिया, जिला उपाध्यक्ष दिनेश गोयल और पूर्व विधायक महेश गोयल आदि जगनेर थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं की नारेबाजी चल रही थी तभी डीसीपी पश्चिमी जोन अतुल शर्मा भी पहुंच गए। उनकी भाजपा नेताओं से करीब एक घंटे तक बातचीत चलती रही। बवाल देख डीसीपी ने थाना प्रभारी सौरभसिंह को लाइन हाजिर करने की बात कही। इसके बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments