उद्यमी संस्थाओं में चुनाव से बचें - नवीन जैन || पुरुषों से मेहंदी, ब्यूटी पार्लर सेवाएं न लें महिलाएं - पुरुषोत्तम खंडेलवाल || फ्लैट पार्क योजना में उद्योगों को लगाएं- राकेश गर्ग || एक्मा ने मनाया 32 वां स्थापना दिवस समारोह

आगरा, 03 अगस्त। राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने रविवार को यहां उद्यमियों को नसीहत दी कि उद्यमी संस्थाओं में चुनाव के बजाय सर्वसम्मति पर जोर दिया जाना चाहिए। सांसद जैन इंजीनियरिंग कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन (एक्मा) के 32वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। यह समारोह रविवार को अग्रवन में मनाया गया। समारोह में पूर्व अध्यक्ष अतुल गुप्ता का विशेष रूप से सम्मान किया गया।
उन्होंने कहा कि चुनाव से कटुता बढ़ती है, आम सहमति बनने पर नई ऊर्जा से से काम होता है। उन्होंने आयोजन से परिवारों को भी जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहले पारिवारिक माहौल होता था अब परिवार बड़े होते थे, लेकिन अब परिवार छोटे होते जा रहे हैं। लोग व्यस्त होते जा रहे हैं। 
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उद्यमियों से आह्वान किया कि वे अपने परिवार की महिलाओं, बहन, बेटियों को पुरुषों से मेहंदी लगवाने या पुरुषों द्वारा संचालित ब्यूटी पार्लर में जाने से रोकें। खंडेलवाल ने इशारों इशारों में कहा कि पुरुषों से मेहंदी और ब्यूटी पार्लर जैसी सेवाएं लेने में खतरे अधिक हैं। कुछ भी गड़बड़ हुआ तो परिवारों को पछताना पड़ सकता है। गौरतलब है कि जिले में पिछले दिनों धर्मांतरण का बड़ा गिरोह पकड़ा गया है, जो युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। विधायक ने बिना इसका जिक्र किए इसी ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि परिवारों को अपने बच्चों के कैसे मित्र हैं यह भी ध्यान रखने की जरूरत है। 
अमेरिका की टैरिफ दादागिरी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इसका जवाब अधिक से अधिक स्वदेशी को अपनाना है। उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे पंद्रह अगस्त से पूर्व अपने सभी कर्मचारियों को एक-एक तिरंगा झंडा उपलब्ध कराएं और उनसे अपने घरों पर लगाने के लिए कहें। जिससे देशप्रेम की भावना बढ़े।
समारोह में उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि उद्योगों के हितों के लिए निरन्तर संघर्ष किया जा रहा है। बिजली कनेक्शन संबंधी विवाद के भी जल्द सुलझने के आसार हैं। उन्होंने कहा कि आगरा के उद्यमियों ने जनरेटर, फुटवियर, पेठा जैसे क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है, नए उद्यमियों को अपने प्रयास जारी रखने चाहिए। गारमेंट उद्योग में बेहतर संभावनाएं हैं। उद्योगों के लिए भूमि की उपलब्धता में रियायत मिल रही है। इसको उन्होंने विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि फ्लैट पार्क योजना में उद्योगों को लगाएं, सरकार अनेक सुविधाएं दे रही है, इसके लिए वे खुद भी पूरी तरह मदद करेंगे।
समारोह में सचिव अपूर्व मित्तल, सह संयोजक मनोज गर्ग, संयोजक शलभ गर्ग, उपाध्यक्ष संजीव गर्ग, अमित मित्तल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष नितिन गर्ग, कोषाध्यक्ष विजय बंसल, सह सचिव उमेश बंसल मंचासीन रहे। समारोह का संचालन मुकेश जैन ने किया।
समारोह में एक्मा के पूर्व अध्यक्ष संजय गोयल, संजय कुमार गोयल, अमित जैन, राजीव बंसल, मनोज गुप्ता, नीतेश अग्रवाल, विवेक जैन, संजय अग्रवाल, श्रीकिशन अग्रवाल, अशोक गुप्ता, शैलेश बंसल, अरविंद शुक्ला, बालकिशन अग्रवाल, अभिजीत धवन आदि भी मौजूद रहे।
_________________


ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments