जलभराव से परेशान यमुना विहार कॉलोनी के लोग पहुंचे नगर आयुक्त के द्वार
आगरा, 15 जुलाई। जल निकासी ठप होने से परेशान कमला नगर कर्मयोगी क्षेत्र की यमुना विहार कॉलोनी फेस—2 (वार्ड 87) के लोग बड़ी संख्या में नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल के द्वार पहुंचे और जलभराव की व्यथा बताते हुए उनसे समाधान की मांग की।
नगर निगम कार्यालय में इस दौरान पार्षद प्रदीप अग्रवाल भी मौजूद थे। क्षेत्रीय निवासियों ने ज्ञापन देते हुए कहा कि बारिश के सीजन में जलभराव के कारण नालों का गंदा पानी, कीचड़ घरों में भर रही है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान सहना पड़ रहा है और बीमारियों का खतरा भी बढ़ा है।
मुख्य कमला नगर और कर्मयोगी क्षेत्र से अधिकांश कॉलोनियों का पानी यमुना विहार फेस—2 की ओर ही आता है। यहां जल निकासी के लिए उचित व्यवस्था पहले से ही नहीं है। कई कॉलोनियों से बहकर आने वाले पानी का भार एक नाले पर है। पानी के बहाव को यह नाला नहीं सह पा रहा है। आम दिनों का पानी ही मुख्य नाले से घरों की ओर बहने लगता है। बारिश के दिनों में यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है। कई बार वाहन पलटने और वाहन चालकों, सवारियों के घायल हो जाने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। घरों में पानी घुसने से फर्नीचर आदि आर्थिक नुकसान हो रहा है, सीलन की समस्या हो गई है।
ज्ञापन में अनुरोध किया गया कि इस समस्या का जल्द स्थाई समाधान किया जाए। ज्ञापन देने वालों में रमेश चंद शर्मा, मुकेश चंद गुप्ता, दीपक गुप्ता, दिगम्बर शर्मा, प्रशांत गुप्ता, कृष्ण गोपाल शर्मा, रोहित शर्मा, अमन, चिंटू आदि शामिल थे।
_________________________
Post a Comment
0 Comments