डॉ. प्रमोद मित्तल को मिला सेठ अचल सिंह स्मृति 'सदाचारी नागरिक सम्मान'
आगरा, 04 मई। डॉ. प्रमोद मित्तल को रविवार को 'सेठ अचल सिंह सदाचारी नागरिक सम्मान' से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान स्वतंत्रता सेनानी, वरिष्ठ राजनेता एवं जिले के प्रथम सांसद रहे सेठ अचल सिंह की 131वीं जयंती के अवसर पर रविवार को दरेसी स्थित अचल भवन में आयोजित समारोह में दिया गया।मुख्य अतिथि प्रदीप माथुर (पूर्व नेता, उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल) ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान अचल ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष उन विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जो समाज सेवा, नैतिक मूल्यों एवं सादगीपूर्ण जीवन शैली का उदाहरण बनते हैं। डॉ. मित्तल, एक समर्पित चिकित्सक के रूप में, वर्षों से जनसेवा में जुटे हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में उनकी सेवा, निःस्वार्थ भावना और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना उन्हें इस सम्मान के योग्य बनाती है। डॉ प्रमोद मित्तल ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त किया। कहा कि ईश्वर ने मानव बनाया है, अच्छे गुण होने चाहिए। मानव सेवा सबसे बड़ा तीर्थ है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रदीप माथुर ने कहा कि सेठ अचल सिंह स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी थे, उन्होंने राजनीति को जनसेवा का माध्यम बनाकर उस आदर्श को स्थापित किया जिसकी आज आवश्यकता है। वर्तमान पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राजनीति और समाज सेवा को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि डॉ रंजना बंसल ने कहा कि सेठ अचल सिंह का कृतित्व और व्यक्तिव सादगी, सरलता और संवेदना सिखाता है। साथ ही ये बताता है कि बड़ा आदमी वही है जो समाज को समर्पित हो। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजस्थान के धौलपुर जिले के विधायक रोहित वोहरा ने कहा कि सेठ जी के नैतिक सदाचारी आयोजन को अनवरत जारी रखना सराहनीय है।
समारोह को विवेक वोहरा, डॉ मधुरिमा शर्मा ने संबोधित किया। अचल ट्रस्ट के अध्यक्ष शशि शिरोमणि ने आयोजन की रूपरेखा की जानकारी दी। ट्रस्ट के मंत्री राजीव अग्रवाल ने सेठ अचल सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। सुपरिचित गायक सुधीर नारायण ने वंदे मातरम और वैष्णव जन गीतों से कार्यक्रम को देशभक्ति का रूप दिया। समारोह का संचालन हरीश सक्सेना चिमटी ने किया। मनोज वोहरा ने भी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमित सिंह, कांग्रेस नेता रणवीर शर्मा, रमाशंकर शर्मा, पीसी नरवार, राम टंडन, शमी अगाई, शरद गुप्ता, संजय गुप्ता, अशोक शर्मा, अशोक राठी, दिनेश बाबू शर्मा, रामनाथ सिकरवार, किरण शर्मा आदि उपस्थित रहे।
________________________________________
Post a Comment
0 Comments