नेताजी ने दबोचा तो नेत्री ने दर्ज कराया मुकदमा, गिर्राज बंसल ने दिया इस्तीफा तो लिया मुकदमा वापस, भाजपा की साख बचाने को तेजी से चला घटनाक्रम
आगरा, 05 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष व पार्षद पति गिर्राज बंसल पर भाजपा नेत्री के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद सोमवार को घटनाक्रम तेजी से चला। नाराज नेत्री ने गिर्राज बंसल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने एफआईआर की प्रतिलिपि जारी कर दी, जो मीडिया में तेजी से वायरल हुई। इसके बाद पार्टीजन डैमेज कंट्रोल में जुट गए और रात होते-होते मंडल अध्यक्ष और भाजपा नेत्री के बीच समझौता करा दिया गया। इस समझौते के बाद भाजपा के सह मीडिया प्रभारी ने भाजपा नेत्री का वीडियो जारी किया। वीडियो में भाजपा नेत्री कहती दिखाई पड़ रही हैं कि गिर्राज बंसल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, इसलिए वे अपने मुकदमे को वापस ले रही हैं। दोनों के बीच जो विवाद या गलतफहमी हुई थी, वह अब नहीं रही है।
पार्टी सूत्रों का दावा है कि भाजपा नेत्री मंडल अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज थी। उनके साथ विगत 29 अप्रैल को घटना घटी थी, लेकिन पार्टीजनों ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए नेत्री को रोक दिया था। लंबे समय तक कार्रवाई न होने पर भाजपा नेत्री ने सोमवार को थाना कमलानगर में मुकदमा दर्ज करा दिया। तहरीर में बताया गया कि घटना के समय बल्केश्वर के गंगे गौरी पार्क में भाजपा मंडल कार्यालय की बैठक चल रही थी। इसमें बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे। बैठक में उपस्थित लोगों के लिए पास में ही रहने वाली महिला नेत्री अपने घर चाय बनाने चली गई। आरोप है कि महिला नेत्री के पीछे पीछे मंडल अध्यक्ष गिर्राज बंसल भी उनके घर चले गए और रसोई में चाय बनाने के दौरान उसे पीछे से दबोच लिया। इस पर महिला नेत्री ने मारने के लिए डंडा उठा लिया। आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया। पीड़िता का कहना था कि वह जिसे अपना भाई मानती थी, वह ऐसी हरकत करेगा, इसकी उम्मीद नहीं थी।
भाजपा नेत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही थी। लंबे समय तक मामला दबा रहा। सुनवाई नहीं होने पर पीड़िता ने रविवार को थाना कमला नगर में तहरीर दे दी। तहरीर देने की सूचना पर भाजपा के पदाधिकारी पीड़िता को मनाने में जुट गए। बढ़ते दबाव में गिर्राज बंसल से इस्तीफा ले लिया गया। गिर्राज बंसल ने स्वयं को निर्दोष बताते हुए भाजपा बल्केश्वर मंडल अध्यक्ष पद से इस्तीफा देते हुए पूरी कार्यकारिणी भंग कर दी और महानगर अध्यक्ष से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
गिर्राज बंसल के इस्तीफे के बाद पार्टीजनों ने नए सिरे से भाजपा नेत्री को समझाया और उन्हें मुकदमा वापस लेने को मना लिया।
Post a Comment
0 Comments