आयकर छापों के पीछे हवाला से रकम लेन-देन की जांच!
आगरा, 18 अगस्त। आयकर विभाग की अन्वेषण शाखा द्वारा शहर में मारे गए छापे को लेकर हवाला से रकम के लेन-देन का मामला सामने आता दिख रहा है। विभाग को संदिग्ध रूप से रकम विदेश भेजने वालों की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर देशभर में 394 संस्थाओं और 36 प्रोफेशनल की जांच की जा रही है। ऐसे ट्रस्टों का इतिहास खंगाला जा रहा है, जिनके माध्यम से रकम का लेन-देन किया गया।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, शहर के भी ऐसे प्रोफेशनल और कारोबारियों का पता चला है, जिन्होंने संदिग्ध रूप से रकम विदेश भेजी। इससे जुड़े दस्तावेज आयकर विभाग से छिपाए गए।
इसी सिलसिले में जांच टीम ने मंगलवार सुबह कालामहल क्षेत्र में सीए रेहान खान के बारे में पूछताछ की। टीम ने सीए के घर और माल का बाजार स्थित दफ्तर पर कई घंंटे तक दस्तावेजों की जांच की। टीम शाम तक कागजात खंगालने के बाद सीए को साथ ले गई। कहा जा रहा है कि टीम को हवाला से संबंधित दस्तावेज मिले हैं।
आयकर विभाग पिछले तीन वर्षों में विदेश भेजी गई धनराशि और जमीनी सूचनाओं की जांच कर रहा है। दावा है कि इसमें बहुत बड़ी रकम विदेश भेजनी वाली संस्थाओं के नाम सामने आए हैं। उनका स्वयं का कारोबार और घोषित आय बहुत कम थी। कुछ ने रिटर्न में टर्नओवर बहुत कम दिखाया था। कुछ संस्थाएं तो आयकर रिटर्न भी दाखिल नहीं कर रही थीं। कुछ संस्थाएं अपने दर्शाए गए पते पर भी नहीं मिलीं। जांच में संस्थाओं का काम उस स्तर का भी नहीं पाया गया, जिससे इतनी बड़ी धनराशि को विदेश भेजना उचित साबित हो सके।
__________________________________________
Post a Comment
0 Comments