योगी ने बटेश्वर में किया 148 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास, अटल जी की प्रतिमा, म्यूजियम और हेलीपोर्ट सेवा का उदघाटन
आगरा, 25 दिसंबर (वार्ता)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार को यहां बटेश्वर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 99वीं जयंती के मौके पर 148 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने अटल जी की प्रतिमा और म्यूजियम का उदघाटन किया। आगरा से मथुरा-वृंदावन के लिए हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत की।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा में आलू शोध केंद्र बनेगा। इससे किसानों को मदद मिलेगी। साथ ही अगले दो साल में 50 हजार किसानों को सोलर पंप देंगे। इससे डीजल पंप से मुक्ति मिलेगी। खेतों में पानी लगाने में आसानी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार से उत्तर प्रदेश में विकास हुआ है। यूपी आज देश में दूसरे स्थान पर है। प्रदेश में सुशासन है। प्रदेश में विकास, गांव की कनेक्टिविटी के साथ हवाई सेवा शुरू हो रही हैं। वर्ष 2017 में देश के पर्यटन में तीसरे स्थान पर था, आज कोई आसपास नहीं है। सीएम ने नसीहत देते हुए कहा कि पर्यटकों के साथ अच्छा व्यवहार करें।
उन्होंने कहा कि अटलजी की जयंती का जो कार्यक्रम है, वो उनकी जन्म शताब्दी वर्ष का शुभारंभ है। ग्राम पंचायत स्तर से जिले के स्तर और राज्य स्तर पर काम होंगे। अटलजी ने देश को जो दिया वह विश्व स्तर का था। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा इसमें सहायक बनेगा। 18 अटल विद्यालय बन रहे हैं, जिसमें गरीबों और मजदूरों के बच्चे पढ़ रहे हैं। अटल संकुल प्रेरणा का केंद्र बनेगा। अटल जी के आशीर्वाद से डबल इंजन की सरकार बटेश्वर के विकास को काम करेगी। योजनाओं का लाभ बटेश्वर और आगरा के निवासियों को मिलेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री ने जयवीर सिंह ने कहा कि देश के ग्रोथ इंजन में बटेश्वर भी योगदान कर रहा है। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारत रत्न ही नहीं थे। करोड़ों भारतीयों में एक व्यक्ति अटल होता है। अटल जी नें किसानों को सस्ते दर पर कर्ज को किसान क्रेडिट कार्ड शुरू किया। देश के गांवों के किसान, नौजवानों के दर्द को समझा। गांवों को सड़कों से जोड़ा। स्कूल बनवाए। अटल की योजनाओं को आगे बढ़ाने का काम प्रदेश सरकार कर रही है।
_________________________________

Post a Comment
0 Comments