मास्टर चाबी से करते थे बाइक चोरी, ताजगंज पुलिस ने पांच को दबोचा, छह हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद
आगरा, 22 नवम्बर। शहर में बाइक चोरों का आतंक मचाने वाले गिरोह का ताजगंज पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। नगला मेवाती के पास घेराबंदी कर पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की छह हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक, मास्टर चाबियां और 400 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी बरहन के रहने वाले उदय, अजय, उपदेश, चन्द्र उदय और हिमांशु हैं। ये सभी पहले बाइक की रेकी करते थे। सुनसान जगह या भीड़ में खड़ी बाइक को निशाना बनाकर विशेष चाबियों से उसका लॉक खोलते और मिनटों में लेकर फरार हो जाते थे। चोरी की बाइक को कम कीमत पर बेचने की तैयारी थी।
जांच में पता चला है कि बरामद बाइकें फतेहाबाद रोड, ट्रांस यमुना, सदर बाजार और बरहन सहित अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। पुलिस अब बरामद वाहनों का चोरी के मुकदमों से मिलान कर असली मालिकों का पता लगा रही है।
पुलिस का कहना है कि पांचों आरोपियों के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की पड़ताल के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। बरामद बाइकों को मालिकों को सौंपने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
____________________________________

Post a Comment
0 Comments