हादसा: आगरा का छात्र ऋषिकेश में गंगा में बहा

आगरा, 19 नवम्बर। जिले का एक छात्र ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव में बह गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र स्कूल के 32 अन्य विद्यार्थियों और पांच शिक्षकों के साथ भ्रमण पर आया था। घटना के बाद जल पुलिस, स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया। थाना लक्ष्मणझूला पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
दसवीं कक्षा का छात्र अंश (15) पुत्र राजकुमार निवासी रोहता, गुरुवार को ऋषिकेश भ्रमण पर था। लक्ष्मण झूला पुल के पास स्थित घाट पर अंश अन्य छात्रों के साथ गंगा में स्नान करने लगा। तभी वह नदी के तेज बहाव में बह गया। यह देख साथ मौजूद छात्रों ने शोर मचाया। 
शोर सुनकर मौके पर मौजूद जल पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगा का बहाव तेज होने के कारण छात्र पानी में आगे बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और डीप डाइवर्स ने नदी में तलाश शुरू की।
एसडीआरएफ की टीम ने काफी देर तक गंगा में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन छात्र का पता नहीं चल सका। अंधेरा होने और रात में तलाशी अभियान जारी रखने में आ रही कठिनाइयों के चलते ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है। शुक्रवार को दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। 
_______________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments