सिपाही पर शारीरिक शोषण का आरोप, युवती ने पुलिस आयुक्त से की शिकायत

आगरा, 24 नवम्बर। खाकी का रक्षक ही जब भक्षक बन जाए तो न्याय की उम्मीद किससे की जाए? ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला शहर में सामने आया है। गाजियाबाद की एक युवती ने बसई अरेला थाने में तैनात एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर आठ साल तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है।
खबरों के मुताबिक, पीड़िता ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रार्थना पत्र दिया है और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
युवती के मुताबिक, कहानी साल 2018 की है। वह प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग कर रही थी। वहीं उसकी मुलाकात युवक से हुई थी, जो उस समय पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। कोचिंग के दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने उसे शादी का वादा किया और इसी झांसे में आकर उसने उस पर भरोसा कर लिया। शादी का झांसा देकर युवक ने उससे शारीरिक संबंध बनाए।
इस दौरान युवक का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में हो गया। वर्दी पहनने के बाद भी उसने युवती से शादी का वादा निभाने के बजाय संबंध बनाए रखे। वर्तमान में वह आगरा के बसई अरेला थाने में सिपाही के पद पर तैनात है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी लगातार उसे यह आश्वासन देता रहा कि वह जल्द ही अपने परिवार वालों को शादी के लिए मना लेगा। इसी आश्वासन पर वह आठ साल तक उसका शोषण करता रहा।
युवती का कहना है कि अब जब शादी की बात आई तो सिपाही ने साफ इनकार कर दिया। आठ साल तक शादी का सपना दिखाकर शारीरिक शोषण करने के बाद मुकर जाने से युवती टूट गई। थक-हारकर उसने आगरा पुलिस आयुक्त के यहां शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है।
शिकायत में युवती ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आयुक्त कार्यालय से शिकायत को संबंधित अधिकारियों को जांच के लिए भेज दिया गया है।
_____________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments