Agra News: खबरें आगरा की......
'आगरा के मंदिर' में देदीप्यमान देवी-देवता पुस्तक बाबा बल्केश्वर नाथ को समर्पित की
आगरा, 10 नवम्बर। यह शहर ताजमहल का नहीं, बल्कि मंदिरों का शहर है, शिव की नगरी है, कान्हा की कर्मभूमि है। इसलिए इसका आध्यात्मिक महत्व है। इस महत्व को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए लिखी गई पुस्तक 'आगरा के मंदिर' को मंगलवार को बाबा बल्केश्वर महादेव को समर्पित किया गया।
पुस्तक के लेखक पत्रकार आदर्श नंदन गुप्ता हैं। बल्केश्वर मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में कथावाचक संत अरविंद ने कहा कि मंदिरों की प्रमाणिक जानकारी सभी लोगों को होनी चाहिए, जो इस पुस्तक में दी गई है।मंदिर के महंत सुनीलकांत नागर ने कहा कि पुस्तक से आगरा की आध्यात्मिक जानकारी मिलेगी। बल्केश्वर मंदिर के महंत कपिल नागर, प्रेमनिधि मंदिर के सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी, सेंट एंड्रयूज स्कूल के डॉ. गिरधर शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि पुस्तक के शुद्धिकरण में इतिहासकार राज किशोर राजे, अवधेश उपाध्याय, चंद्रशेखर गुप्ता, संजय गुप्ता, शरद गुप्ता, शीतल सिंह माया, भोलानाथ अग्रवाल का सहयोग रहा।
_________________________________________
मंदबुद्धि बच्चों के साथ मनाई दीवालीआगरा, 10 नवम्बर। भक्ति तथा सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार में जुटी संस्था "भक्ति वेव" ने "आश्रय आगरा" में दीपावली कार्यक्रम आयोजित किया गया। डिसेबिलिटी सर्विस एंड सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन में संस्था के सदस्यों ने आश्रय परिसर के विशेष बच्चों के साथ समय बिताया, दीपावली की खुशियां साझा कीं और अपने हाथों से बच्चों को भोजन कराया। बच्चों के साथ संवाद कर उन्हें उपहार भी वितरित किए गए।
संचित गोयल, जितेन्द्र गोयल, तुषार गोयल, हरीश गोयल ने कहा कि मंदबुद्धि बच्चों के साथ बिताये हर पल ने और मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि भक्ति वेव परिवार का मंत्र है - भक्ति से सेवा, सेवा से परिवर्तन।
_________________________________________
स्वस्थ बचपन, सुरक्षित भविष्य: आइए, बच्चों को टीबी से बचाएं
आगरा, 10 नवंबर। बच्चों में टीबी अक्सर सामान्य बुखार, खांसी और कमजोरी के पीछे छिप जाती है। इसलिए अब जनपद में इसको लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) एवं वर्ल्ड हेल्थ पार्टनर्स के सहयोग से पीडियाट्रिक टीबी की समय पर पहचान, सटीक जांच, समुचित उपचार एवं रोकथाम को प्राथमिकता दी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बच्चों में टीबी की समय पर पहचान ही सबसे बड़ा बचाव है। लक्षण दिखने पर बच्चे को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र या जिला क्षय केंद्र पर लेकर जाएं। जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जागरूकता बढ़ाएं और संदिग्ध बच्चों की पहचान, जांच, उपचार और नियमित फॉलोअप पर विशेष ध्यान दें।
_________________________________________
क्षतिग्रस्त पुलिया से नामनेर बाजार अस्त व्यस्त, दुर्घटना की आशंका
आगरा, 10 नवम्बर। नामनेर बाजार कमेटी के अध्यक्ष बृजेश पंडित ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विगत 45 दिनों से नामनेर बाजार में पुलिया क्षतिग्रस्त पड़ी है जिससे व्यापार एवं आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। किसी भारी वाहन द्वारा इस पुलिया को क्षतिग्रस्त कर दिया गया जिसकी सूचना सक्षम अधिकारियों को दी गई लेकिन 40 दिन बाद भी इस पुलिया पर कोई भी कार्य शुरू नहीं किया गया है।
विज्ञप्ति में कहा गया इस पुलिया की वजह से पूरे बाजार में माल की आवाजाही और नेताजी नगर में रहने वाली जनता को आने-जाने में बहुत दिक्कत हो रही है, इसकी वजह से दुर्घटना की भी आशंका बनी हुई है। विज्ञप्ति में मांग की गई कि तुरंत इस पुलिया का निर्माण कराया जाए जिससे परेशानी का समाधान हो सके।
_________________________________________
दलित सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सपा ने की बैठक
आगरा, 10 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के 15 नवंबर को जीआईसी ग्राउंड, पचकुइयां पर प्रस्तावित दलित सम्मेलन की तैयारियों को लेकर विनय अग्रवाल के निवास पर बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में सम्मेलन को सफल बनाने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनसंपर्क अभियान को चलाने को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि जनसंपर्क अभियान को और तेज किया जाएगा। सम्मेलन को सपा के मुखिया अखिलेश यादव संबोधित करेंगे। सम्मेलन के संयोजक राज्यसभा सदस्य रामजी लाल सुमन हैं।
बैठक में विनय अग्रवाल ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क करें और सम्मेलन को सफल बनाने में योगदान दें। बैठक में सतीश चाहर, सोमेश गुप्ता, राजकुमार वर्मा, अजय अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, मोहम्मद इरशाद, विनीत यादव, हुकुम सिंह जाटव, सोनू चौहान, गणेश बंसल, वीरेन्द्र जाटव, जिनेश अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, भानु प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
_________________________________________

Post a Comment
0 Comments