28 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले, आगरा से आदित्य बदायूँ भेजे गए, शिवा सिंह लेंगी उनकी जगह
लखनऊ, 25 नवम्बर। प्रदेश पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तबादला सूची में दस भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और 18 प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) के अधिकारी शामिल हैं। सूची के मुताबिक, 2020, 2021 और 2022 बैच के दस आईपीएस अधिकारियों को विभिन्न कमिश्नरेट, जिलों और मुख्यालयों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ, आगरा, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर के साथ-साथ मेरठ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मऊ, अलीगढ़, मथुरा, शाहजहांपुर और बदायूं सहित कई जनपदों में नई नियुक्तियां की गई हैं।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में तैनात 2021 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी आदित्य का तबादला कर दिया गया है। शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार, आगरा कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) के पद पर कार्यरत रहे आदित्य को अब जनपद बदायूं का नया अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नियुक्त किया गया है।
वहीं, उनके स्थान पर कानपुर नगर कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी श्रीमती शिवा सिंह को आगरा पुलिस कमिश्नरेट का नया अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। बदायूं में अब तक अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. हृदयेश कठेरिया को लखनऊ स्थित यातायात निदेशालय स्थानांतरित किया गया है।
आगरा पुलिस कमिश्नरेट में अपनी तैनाती के दौरान आईपीएस आदित्य के पास कई महत्वपूर्ण प्रभार रहे। वे कमिश्नरेट में डीसीपी वेस्ट (DCP West) के साथ-साथ पुलिस लाइन, कानून-व्यवस्था और साइबर क्राइम से जुड़े कार्यों का दायित्व संभाल रहे थे।

Post a Comment
0 Comments