रावली क्रासिंग पर इंजीनियरिंग का अनोखा कारनामा देखने को मिलेगा, 26000 बोल्ट्स वाला 60 मीटर स्टील स्पैन तैयार, रेलवे लाइन के ऊपर से गुजरेगी आगरा मेट्रो

आगरा, 24 नवम्बर। शहर में मेट्रो ट्रेन परियोजना के दूसरे कॉरिडोर का काम अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। आगरा कैंट से आगरा कॉलेज तक के प्रायोरिटी स्ट्रेच पर स्टेशन और वायाडक्ट की संरचना का काम लगभग पूरा हो चुका है, तो वहीं रावली क्रासिंग पर 60 मीटर लंबा विशाल स्टील स्पैन रेलवे लाइन के ऊपर लॉन्च होने के लिए तैयार है। यह स्पैन अपनी मजबूती और अनोखी तकनीक के कारण पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजना के कॉरिडोर-2 की कुल लंबाई 15.4 किमी है, जो आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक जाएगा। इस पर 14 एलिवेटेड स्टेशन बनेंगे, जिनमें से छह स्टेशन अकेले एमजी रोड पर होंगे। फिलहाल 15 किमी लंबे इस कॉरिडोर पर सिविल संरचना का काम दिन-रात चल रहा है। प्रायोरिटी सेक्शन का काम जहां अंतिम चरण में है, वहीं बैलेंस सेक्शन पर भी काम ने तेज रफ्तार पकड़ ली है।
क्यों खास है रावली स्पैन?
दूसरे कॉरिडोर में कुल चार जगहों पर स्टील स्पैन बनाए जाने हैं - रावली क्रासिंग, सेंट जॉन्स क्रासिंग, भगवान टॉकीज और यमुना नदी पर। इनमें सबसे आगे रावली स्पैन का काम है।
एमजी रोड पर रेलवे लाइन को पार करने के लिए यू-गर्डर की जगह 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे कम जगह में अधिक दूरी कवर की जा सकेगी, कॉरिडोर को मजबूती मिलेगी और काम भी आसान होगा।
डेक शीट और बोल्टिंग का काम पूरा
रावली स्पैन के लिए डेक शीट बिछाने का कार्य पूरा कर लिया गया है। पारंपरिक कंक्रीट फ्लोर की जगह पहले स्टील की शीट से फ्लोर यानी बेस बनाया जाता है, फिर उसके ऊपर कंक्रीटिंग की जाती है।
इस स्पैन की सबसे बड़ी खासियत इसके 26,000 बोल्ट्स हैं। पूरे स्पैन को 26,000 बोल्ट्स से जोड़ा गया है, जिसकी बोल्टिंग का कार्य भी पूरा हो चुका है। पारंपरिक तकनीक से हटकर इस स्पैन को अपनी असेंबली लोकेशन से सीधे रेलवे लाइन के ऊपर लॉन्च किया जाएगा।
पहला कॉरिडोर भी है अहम
विदित हो कि आगरा मेट्रो का पहला कॉरिडोर ताज पूर्वी गेट से सिकंदरा तक 14 किमी लंबा है, जिसमें छह एलिवेटेड और सात भूमिगत स्टेशन हैं। दूसरे कॉरिडोर के पूरा होने के बाद शहर के दो बड़े हिस्से मेट्रो से जुड़ जाएंगे, जिससे एमजी रोड और आसपास के इलाकों में जाम की समस्या से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
_____________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments