एक और ऑनर किलिंग!! पिता पर बेटी को दिल्ली से लाकर चम्बल नदी में डुबो देने का आरोप

आगरा, 04 अगस्त। जिले में चौबीस घंटे के भीतर ऑनर किलिंग का एक और मामला सामने आया है। थाना बासौनी क्षेत्र के गांव लखनपुरा में पिता पर अपनी 18 वर्षीय बेटी को चंबल नदी में डुबाकर मार डालने का गंभीर आरोप लगा है। युवती का शव अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
पिता हाल में दिल्ली में रह रहा था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के लिए वह बेटी को गाँव लेकर आया। दिल्ली पुलिस और बासौनी पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच कर रही हैं। चंबल नदी में युवती के शव की खोज के लिए पीएसी के गोताखोरों की टीम को भी लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के थाना तिगड़ी क्षेत्र में पिता और अन्य परिजनों के साथ रहने वाली युवती को उसका पिता लखपत सिंह विगत 29 जुलाई को दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से बासौनी क्षेत्र लेकर आया था। आरोप है कि लखपत सिंह बेटी को चंबल नदी किनारे ले गया और वहां उसे नदी डुबो दिया। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। यह भी बताया जा रहा है कि लखपत ने पहले बेटी की हत्या की और फिर उसके शव को नदी में डुबोया। पुलिस जांच में आरोपी पिता के मोबाइल फोन से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई है।
घटना के बाद आरोपी पिता दिल्ली लौट गया और थाना तिगड़ी में बेटी के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो कई तथ्य संदिग्ध मिले। जांच में सामने आया कि युवती आखिरी बार अपने पिता लखपत सिंह के साथ आगरा के बासौनी क्षेत्र में गई थी।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने बासौनी पुलिस के सहयोग से गांव लखनपुरा में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी पिता के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें घटना से संबंधित फोटो और वीडियो मिलने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। आरोपी पिता से पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
________________________________________

ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments