ड्राइवर को झपकी आई और पलट गई स्लीपर बस, लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हादसे में एक यात्री की मौत, डेढ़ दर्जन घायल

आगरा, 17 अगस्त। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद क्षेत्र में एक स्लीपर बस पलट जाने से एक यात्री की मौत और डेढ़ दर्जन लोगों के घायल हो जाने की खबर है। रविवार की देर रात लगभग दो बजे बस चालक को झपकी आ जाने से यह हादसा हुआ। बस कानपुर से गुड़गांव की ओर जा रही थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। दो घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बस लगभग 50 यात्रियों को लेकर कानपुर से गुड़गांव जा रही थी। रात करीब दो बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 29 पर चालक को नींद की झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। सो रहे कई यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरने से घायल हो गए। पुलिस और यूपीडा कर्मियों ने बस के शीशे तोड़कर अधिकांश यात्रियों को बाहर निकाला। दो यात्री बस के नीचे फंसे हुए थे। उन्हें निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। 
क्षतिग्रस्त बस को ओवरटेकिंग लेन में खड़ा करा दिया गया। यात्रियों को अन्य बसों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। 
हादसे में घायल होने वालों में अनुराग द्विवेदी (30) निवासी पनकी कानपुर, अजय सिंह (25) निवासी औरैया, विवेक सिंह (24) निवासी कानपुर देहात, अरविंद (49), भोले सिंह (25) निवासी नगीना कानपुर देहात, आदित्य (32) निवासी कानपुर, प्रशांत (33) निवासी कानपुर, दीपक (26) निवासी कानपुर, गुलफशा (36) निवासी रावतपुर कानपुर, नंदन (33) निवासी फतेहाबाद आगरा, सरवन (48) निवासी पनकी कानपुर, नेहा (23) निवासी बड़ा शाहपुर गुरुग्राम, राहुल निवासी कानपुर, बबलू (28) निवासी वर्रा कानपुर, देवेश (23) निवासी कामादेव कानपुर और राहुल (32) निवासी घंटाघर कानपुर शामिल हैं।
________________________________________



ख़बर शेयर करें :

Post a Comment

0 Comments