आगरा में ऑनर किलिंग, कोर्ट मैरिज करने वाली बेटी की पिता ने जान ली!
आगरा, 03 अगस्त। थाना जैतपुर के नटहौली गांव में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। कोर्ट मैरिज करने वाली 22 वर्षीया बेटी की सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतका के पिता पर ही लगा है। वारदात को रविवार की देर रात अंजाम दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती के पिता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में पिता ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, जैतपुर के नटहौली गांव की रहने वाली अंकिता ने गांव के ही अमित पचौरी के साथ विगत फरवरी में कोर्ट मैरिज कर ली थी। अंकिता के परिजन उसके कोर्ट मैरिज करने से नाराज थे। अंकिता और अमित एक-दूसरे को जानते थे। दोनों ने परिवार की सहमति के बिना कोर्ट मैरिज की थी। इस विवाह से युवती का परिवार नाराज था। हालांकि शादी के बाद भी अंकिता अपने माता-पिता के साथ ही रह रही थी, लेकिन परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। बीती रात पड़ोसियों ने घर से चीख-पुकार की आवाजें सुनीं। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को घर के अंदर कमरे में अंकिता का शव पड़ा मिला। पिता विमल राय शव के पास बैठा हुआ था।
पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस दौरान घर में मां और भाई मौजूद नहीं मिले। दोनों घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। विमल राय यहां पिछले करीब 15 वर्षों से किराए के मकान में परिवार के साथ रह रहा है। परिवार में पत्नी सीता, बेटा अंकुश और बेटी अंकिता थे। पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता विमल राय ने स्वीकार किया कि उसने ही बेटी का गला दबाकर उसकी हत्या की। उसने पुलिस को बताया कि बेटी द्वारा परिवार की इच्छा के विरुद्ध गांव के ही युवक से कोर्ट मैरिज करने से वह बेहद नाराज था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार मां और भाई की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। साक्ष्य संकलन के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया।
______________________________________
.gif)
Post a Comment
0 Comments