बड़ी कार्रवाई: अंसल हाउसिंग की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क
आगरा, 13 मई। जिला प्रशासन ने बकाया स्टांप शुल्क की वसूली को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए अंसल हाउसिंग एंड कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क कर ली। कार्रवाई के तहत ताजगंज क्षेत्र के बगदा स्थित कंपनी के कार्यालय को सील कर दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अंसल हाउसिंग एंड कंस्ट्रक्शन लिमिटेड द्वारा वर्ष 2006 में बगदा, ताजगंज क्षेत्र में करीब तीन बीघा जमीन खरीदी गई थी। जमीन खरीद के दौरान स्टांप शुल्क में गड़बड़ी पाए जाने पर कंपनी पर 24 लाख, 88 हजार रुपये का बकाया निर्धारित किया गया था। लंबे समय तक भुगतान न होने के कारण ब्याज लगातार बढ़ता गया और अब यह राशि बढ़कर लगभग एक करोड़, 67 लाख रुपये तक पहुंच गई।
बकाया वसूली के लिए विगत 20 अप्रैल को कुर्की आदेश जारी किया गया था। इसके बाद एसडीएम सदर सचिन राजपूत के निर्देश पर नायब तहसीलदार अनिल चौधरी के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने बगदा स्थित संपत्ति को कुर्क करते हुए कार्यालय को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और स्थानीय प्रशासन की मौजूदगी में संपत्ति पर कुर्की संबंधी नोटिस भी चस्पा किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी राजस्व की वसूली हर हाल में सुनिश्चित की जाएगी और बकायेदारों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन में चर्चा है कि राजस्व विभाग अब बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर इसी तरह की कार्रवाई तेज करेगा।
_________________________________________
Post a Comment
0 Comments