स्मार्ट बिजली मीटर के खिलाफ सड़कों पर उतरी सपा, रैली निकाल जताया विरोध, पुलिस से धक्का-मुक्की
आगरा, 04 मई। स्मार्ट मीटर और बिजली शोषण के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में रैली निकाल कर जोरदार प्रदर्शन किया।
रैली की शुरुआत सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा मशाल प्रज्वलित कर की गई, जिसे उन्होंने महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को सौंपकर रैली को रवाना किया। सपा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इसके बाद रैली पूरे जोश के साथ धौलपुर हाउस से आगे बढ़ने लगी। पुलिस ने बेरीकेट्स लगाकर रैली को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं के साथ धक्का मुक्की हुई और कई नेताओं और कार्यकर्ता चोट भी लगी। रैली में शामिल लोगों ने टोरेंट पावर और दक्षिणांचल विद्युत निगम लिमिटेड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता से खुली लूट की जा रही है। पहले जहां 1500 रुपये तक का बिल आता था, अब वही उपभोक्ता 3-4 हजार रुपये तक रिचार्ज कराने को मजबूर है, लेकिन न तो यूनिट का कोई स्पष्ट हिसाब है और न ही बिलिंग में पारदर्शिता।
रैली में कार्यकर्ता कागज और गत्ते से बने प्रतीकात्मक “स्मार्ट मीटर” अपने सिर पर रखकर भी पहुंचे। कलेक्ट्रेट तक जाने से रोके जाने पर कार्यकर्ताओं ने रैली स्थल पर ही इन स्मार्ट मीटरों की होली जलाकर अपना आक्रोश प्रकट किया।
महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर स्मार्ट मीटर व्यवस्था बंद नहीं की गई, पुराने मीटर बहाल नहीं किए गए और बढ़े हुए बिलों की जांच नहीं हुई, तो समाजवादी पार्टी वृहद आंदोलन, घेराव और सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करने के लिए बाध्य होगी।
राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सांसद श्री रामजीलाल सुमन जी ने कहा कि सरकार तानाशाही अपना रही है और लोगों का खून चूस रही है समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है
रैली में जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा, रामसहाय यादव, राम गोपाल भगेल, फर्रूखसियर, राहुल चतुर्वेदी, कादिर कुरैशी, डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान, रिजवान (प्रिंस), लला गुर्जर, नितिन कोहली, पुष्पेंद्र शर्मा, गिरीश चंद्र गोयल, देवेंद्र यादव, आमिर फौजदार, सतीश चाहर, राहुल चौधरी, रवि मेहरा, चौधरी फरहान, अमित यादव, अजीज अब्बास, जीशान अहमद, इमरान कुरैशी, नितिन वर्मा, नरेंद्र सिंह नंद, मुन्नी बेगम, पूनम, मीना वर्मा रहीं।
______________________________________
Post a Comment
0 Comments